
नितिन अंतिल/सोनीपत: शहर की सफाई व्यवस्था की देखभाल करने वाले कर्मचारी अब अपना मेहनताना लेने के लिए सड़कों पर आने के लिए मजबूर हो गए हैं. सफाई कर्मचारियों को पिछले 2-3 महीने से ठेकेदार ने तनख्वाह नहीं दी है, जिसके चलते सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया और ठेकेदार के साथ-साथ नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
कर्मचारियों का कहना है कि तनख्वाह नहीं मिलने से सफाई कर्मचारी अपने घर का खर्च चलाने में असमर्थ हैं. उनका कहना है कि अगर हमारी समस्या का जल्द से जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. वहीं सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण शहर के लोगों को भी दिक्कत हुई.
मेयर ने ठेकेदार को किया तलब
उधर, सफाई कर्मचारियों के इस प्रदर्शन पर सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदान का कहना है कि ठेकेदार को हर महीने का बिल साथ के साथ लगाना होता है. लेकिन, वह ऐसा नहीं कर रहा है, जिसके चलते सफाई कर्मचारियों को भुगतान नहीं किया जा रहा. इसके लिए हमने ठेकेदार को नोटिस भेजकर तलब किया है और हमें यह भी जानकारी मिल रही है कि सफाई करने वाले कर्मचारियों की संख्या ज्यादा बताकर नगर निगम को ज्यादा बिल थमाया जा रहा है. इस पर भी हम जांच कर रहे हैं और जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 00:27 IST








