इमरान खान से बोले पाकिस्तान के चीफ जस्टिस, ‘आपको देखकर अच्छा लगा’, बाद में देनी पड़ी सफाई

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश (सीजेपी) उमर अता बांदियाल ने मंगलवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को ‘देखने में अच्छा’ कहने पर हो रही आलोचना के बाद मामले की व्याख्या की. एक दीवानी मामले की सुनवाई के दौरान सीजेपी उमर अता ने वकील असगर सब्ज़वारी से कहा था कि आपके मुवक्किल (इमरान खान) को देखकर खुशी हुई क्योंकि आप बहुत दिनों बाद मेरे कोर्ट में आए हैं.

दुनिया न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान के चीफ जस्टिस ने कहा, ‘मैं आपको देखकर खुश हूं, मैं सबसे कहता हूं, आपको अच्छा कहने पर मेरी आलोचना हुई, मैं सबका सम्मान करता हूं.’ न्यायमूर्ति उमर अता बांदियाल ने अपनी टिप्पणी में कहा कि शिष्टाचार और नैतिकता सभी के लिए आवश्यक है क्योंकि संस्कार के बिना मजा नहीं आता.

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन
इससे पहले, 15 मई को पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से जुड़े मामलों के संबंध में न्यायपालिका के कुछ हालिया फैसलों के खिलाफ उच्चतम न्यायालय के बाहर सोमवार प्रदर्शन किया सत्तारूढ़ गठबंधन का कहना है कि इन फैसलों ने कई मामलों में खान को राहत मुहैया कराई है. ‘डॉन न्यूज’ ने बताया कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन), जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों समेत कई प्रदर्शनकारी ‘रेड जोन’ (वर्जित क्षेत्र) में घुस आए, जबकि पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने उच्चतम न्यायालय परिसर के सामने धरना दिया.

देश के 13 राजनीतिक दलों के सत्तारूढ़ गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह पूर्व प्रधानमंत्री खान के प्रति कथित न्यायिक समर्थन को लेकर पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश (सीजेपी) उमर अता बांदियाल के विरोध में सोमवार को उच्चतम न्यायालय के समक्ष धरना देगा.

‘जियो न्यूज’ ने इस्लामाबाद पुलिस प्रवक्ता के हवाले से कहा, “पीडीएम कार्यकर्ता उच्चतम न्यायालय के द्वार के बाहर पहुंचे. प्रदर्शनकारी ‘रेड जोन’ में घुस आए, लेकिन हालात शांतिपूर्ण हैं.” ‘डॉन न्यूज’ ने बताया कि ‘रेड जोन’ की ओर जाने वाले सभी मार्गों को वाहनों के लिए बंद कर दिया है.

इमरान खान ने प्रदर्शनकारियों को बताया पीडीएम के ‘गुंडे’
वहीं, इमरान खान (70) ने कहा कि एक ओर सुरक्षा एजेंसी की मदद से पीडीएम के ‘गुंडे’ उच्चतम न्यायालय पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और संविधान को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर सरकार कम से कम 7,000 लोगों को गिरफ्तार करके और दर्जनों निहत्थे प्रदर्शनकारियों की हत्या करके पीटीआई के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. उन्होंने देश के सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहने की अपील की.

पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने खान की जमानत शुक्रवार को मंजूर कर ली थी. खान (70) को मंगलवार को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय परिसर से गिरफ्तार किया गया था और जवाबदेही अदालत ने उन्हें अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में आठ दिन के लिए राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) की हिरासत में भेज दिया था. खान की गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान में मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन शुरू हुए थे, जो शुक्रवार तक जारी रहे. इन प्रदर्शनों में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों सैन्य एवं सरकारी संस्थानों के परिसरों को नुकसान पहुंचा.

(इनपुट एजेंसी से भी)

Tags: Imran khan, Pakistan, Shahbaz Sharif

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें