
हाइलाइट्स
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत
मृतकों में सेना के एक जवान समेत तीन लोग शामिल
सेना के जवान की दो दिन पहले हुई थी शादी
घटना के बाद इलाके में पसरा मातम
रोहित शुक्ला
जांजगीर-चांपा. जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रोगदा में जहरीली शराब पीने से सेना के एक जवान समेत 3 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया. गांव के रहने वाले तीन लोगों ने शराब पी जिसके कुछ देर बाद वे बेहोश होकर गिर गए. ग्रामीणों की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिले के ग्राम रोगदा में रहने वाला नंदलाल कश्यप सेना में कार्यरत थे और 2 दिन पहले ही उनकी शादी हुई थी. उनकी शादी का रिसेप्शन था. शाम को होने वाले कार्यक्रम को लेकर नंदलाल गांव के ही एक दुकान में दाल पीसवाने के लिए आया हुआ था.
इसी दौरान नंदलाल की मुलाकात सतीश कश्यप से हो गई, जो कि कोरबा जिले के प्लांट में मजदूरी करता था. कुछ देर बाद उन दोनों की गांव में रहने वाले परस साहू से मुलाकात हुई, जिसके बाद तीनों ने मिलकर शराब पीने का प्लान बनाया. तीनों गांव में ही किराना दुकान चलाने वाले हर प्रसाद साहू के किराना दुकान पहुंचे और शराब खरीदकर वहीं पास में ही बैठकर पीने लगे. शराब पीने के कुछ मिनटों बाद ही तीनों बेहोश होकर गिर गए. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में ग्रामीणों और परिजनों ने नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
आग की तरह फैली खबर
शराब पीने के बाद गांव के तीन लोगों कि मौत होने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते पूरा का पूरा गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हरप्रसाद को हिरासत में लेकर किराना दुकान को सील कर दिया गया है. इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग
मृतक के परिजनों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही व परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. इस मामले की जांच के लिए बिलासपुर जिले से फॉरेंसिक की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची हुई थी. घटना के बाद पुलिस ने किराना व्यवसाई हर प्रसाद साहू को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisagrh news, Poisonous Liquor, Poisonous liquor case
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 10:03 IST









