
नई दिल्ली. कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डीके शिवकुमार राज्य में सरकार गठन पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा के लिए मंगलवार को दिल्ली पहुंचेंगे. शिवकुमार के भाई और पार्टी सांसद डी के सुरेश ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री पद के लिए जोरदार ‘लॉबिंग’ के बीच, कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को चर्चा के लिए शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को दिल्ली बुलाया था. सिद्धारमैया सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचे, लेकिन शिवकुमार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अंतिम समय में अपनी यात्रा रद्द कर दी.
बाद में शाम को, बेंगलुरु ग्रामीण से कांग्रेस सांसद डी के सुरेश ने पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की और इसके बाद संवाददाताओं से कहा कि उनके भाई मंगलवार को दिल्ली पहुंचेंगे. पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में डी के सुरेश ने कहा, ‘हां, वह 16 मई को आएंगे.’ कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीट में से 135 सीट जीतकर शानदार वापसी के बाद अब कांग्रेस के सामने मुख्यमंत्री चुनने की चुनौती है.
शिवकुमार द्वारा सोमवार को दिल्ली की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द करने से ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि रज्य में सत्ता की बागडोर संभालने के लिए नाम तय किये जाने के मुद्दे पर पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है. राज्य में गठित होने वाली कांग्रेस सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, उसे लेकर शिवकुमार की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया के साथ रस्साकशी चल रही है. कांग्रेस ने 224 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए 10 मई को हुए मतदान में 135 सीट पर जीत दर्ज की है. चुनाव नतीजे शनिवार को घोषित किये गये थे.
मुख्यमंत्री पद के लिए उन्हें और सिद्धारमैया का समर्थन करने वाले विधायकों की संख्या के बारे में लगाई जा रही अटकलों पर शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि उनकी ताकत 135 (विधायक) है, क्योंकि उनकी (शिवकुमार की) अध्यक्षता में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में इतनी संख्या में सीट जीती है. उन्होंने कहा, ‘मैं किसी को अपने साथ नहीं ले रहा, ना ही कोई मेरे साथ है. कांग्रेस के 135 (नवनिर्वाचित) विधायक हैं. कोई भी अपने साथ किसी को ले सकता है. मैं किसी को नहीं लूंगा.’
सिद्धारमैया द्वारा कथित तौर पर यह दावा किया जाना कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में उनके पास अधिकतम संख्या में विधायकों का समर्थन है, शिवकुमार ने कहा कि वह गुप्त मतदान और विधायकों की राय के बारे में नहीं जानते. उन्होंने कहा, ‘मेरे पास कोई विधायक नहीं है, मैं नहीं जानता कि विधायकों की क्या राय है… मेरे पास 135 विधायक और एक सहयोगी सदस्य की ताकत है, इस तरह हमारे पास कुल 136 विधायक हैं, वे कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं… हमने यह प्रस्ताव पारित किया है कि हम पार्टी आलाकमान को (मुख्यमंत्री पद के लिए) निर्णय लेने को अधिकृत करते हैं. आलाकमान ही निर्णय लेगा.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Congress, DK Shivakumar, Karnataka, Karnataka Assembly Election 2023, Siddaramaiah
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 06:24 IST









