
सुनील रजक/ शिवपुरी: भारत सरकार की पहल पर बीमार पशुओं के इलाज के लिए मध्यप्रदेश में इसी महीने ‘मोबाइल वेटरनरी क्लीनिक’ शुरू होने जा रही है. पहले से संचालित डायल 1962 पर कॉल करने पर अब गाड़ी से बीमार पशुओं का इलाज करने स्टाफ मौके पर पहुंचेगा. इससे पशुपालकों को अपनी गाय या भैंस का इलाज कराना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा.शिवपुरी जिले के हर विकासखंड में एक-एक मोबाइल वेटरनरी क्लीनिक संचालित किया जाएगा. इसके लिए हर ब्लॉक में एक-एक गाड़ी के साथ स्टाफ तैनात किया जा रहा है. इसके अलावा जिला मुख्यालय पर एक गाड़ी अलग से उपलब्ध कराई जाएगी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इसी सप्ताह गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया जाएगा.
गाड़ियों उपलब्ध होते ही पशु पालकों को अपनी बीमार गाय या भैंस को लेकर कहीं भी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हर गाड़ी पर एक पशुचिकित्सा, एबीएफओ, गोसेवक और एक ड्राइवर उपलब्ध रहेगा. 1962 पर कॉल आने पर चार लोगों का स्टाफ गाड़ी से संबंधित जगह पहुंचकर पशुओं का इलाज करेगा.
मध्यप्रदेश पशुधन विकास निगम के एमडी डॉ. एचबीएस भदौरिया ने बताया कि मध्यप्रदेश में 406 गाड़ियां संचालित की जाएंगी. हर विकासखंड पर एक और जिला मुख्यालय वाले विकासखंड में दो गाड़ियां दी जा रहीं हैं. दो सप्ताह में गाडियां संबंधित जिलों में भिजवाई जाएंगी.
विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी रहेंगे प्रभारी, गाड़ी में होगा जीपीएस
हर ब्लॉक में ‘मोबाइल वेटरनरी क्लीनिक’ का प्रभारी विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी को बनाया जाएगा. जीपीएस लगी इन गाड़ियों में पशुओं के इलाज के संसाधन मौजूद रहेंगे. कॉल आने पर गाड़ी कहां गई और कितने किमी चली, इसकी भी हर दिन मॉनीटरिंग की जाएगी. इसके लिए कंट्रोल रूम भोपाल रखा गया है. छुट्टी वाले दिन बगल वाले ब्लॉक की गाड़ी संबंधित ब्लॉक में पशुओं का इलाज करने पहुंचेगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Madhya pradesh news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 21:06 IST








