
मनमोहन सेजू/बाड़मेर. कहते हैं कि बच्चे पढ़ाई के बीच खेलने के लिए समय निकालते हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे बाड़मेर में बास्केट बॉल की नेशनल प्लेयर ने अपनी बास्केट बॉल की प्रैक्टिस के दौरान समय निकाल कर किताबों को दिया और सीबीएससी की 12वीं की परीक्षा में पूरे जिले में टॉप कर गई.
मेधावी बेटियों ने थार नगरी के खाते में बड़ी उपलब्धि दर्ज की है. सीबीएससी बोर्ड की ओर से आयोजित 12वीं परीक्षा में बाड़मेर की बेटियों ने बाजी मारी है. जिले की टॉपर खुशबू चौधरी को 94.80 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं. बाड़मेर की खुशबू चौधरी की इस सफलता के बाद उसके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया है. खुशबू के पिता आरडी बेनीवाल के टूर एंड ट्रेवल्स का व्यापार है और खुशबू की माता चतरू देवी गृहिणी हैं.
खुशबू बाड़मेर के द मॉर्डन पब्लिक स्कूल में पढ़ती हैं. 12वीं में खुश्बू को 500 में से 474 अंक हासिल हुए हैं. खुशबू के इतिहास में 91, भूगोल में 95, शारीरिक शिक्षा में 98, राजनीति शास्त्र में 95 और अंग्रेजी में 95 अंक आए हैं. जिले के 12वीं के कला, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के सभी विद्यार्थियों से खुशबू के अंक ज्यादा हैं.
सबसे खास बात यह है कि खुशबू बास्केटबॉल की नेशनल प्लेयर हैं और वह करीब 5-6 घंटे बास्केटबॉल को भी देती हैं. मूलतः नोखड़ा की रहनेवाली खुशबू की मेहनत के चर्चे आज चारों तरफ हैं और घर पर बधाई देने वालो का तांता लग गया है.
खुशबू सिविल सर्विसेज में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं और अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देती हैं. खुशबू का कहना है कि उन्होंने 4-5 घंटे रोजाना पढ़ाई जारी रखी और परीक्षा के दिनों में उसने 6 घंटे पढ़ाई की. वे बताती हैं कि उनका सपना सिविल सर्विसेज में जाकर देश सेवा करने का है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 13:20 IST









