
इस्लामाबाद. पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यकों पर जुल्म ज्यादिती की घटनाएं वहां के लिए आम हैं. इस बार फिर एक हिंदू युवक को मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसने अपनी बेटी के साथ छेड़खानी के विरोध में आवाज उठाई थी. मामला पाकिस्तान के संघार जिले के शाहदादपुर का है. स्थानीय मीडिया के अनुसार अमलख भील ने अपनी बेटी रेशमा से छेड़छाड़ का विरोध किया था. इससे नाराज मुस्लिम कट्टरपंथी युवकों ने उसका सिर कलम कर दिया. शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है.
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करने वाले भारत स्थित हैंडल पाकिस्तान अनटोल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक घटना सिंध प्रांत के संघार जिले के शाहदादपुर की है. जहां कुछ मुस्लिम युवकों ने अलमख भील की बेटी के साथ छेड़खानी की थी. इस छेड़खानी के बाद आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए अलमख ने हिंदू संगठन पाकिस्तान दरावर इत्तेहाद (PDI) से सहायता मांगी थी.
शिकायत करने से बौखला गए थे कट्टरपंथी
पीडीआई पाकिस्तान, खासकर सिंध और पंजाब में हिंदू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का विरोध करता है. मंगलवार को अमलख की बेटी से मुस्लिम युवकों ने छेड़छाड़ की तो उसने आपत्ति जताई. इसके बाद मंगलवार (9 मई 2023) को मुस्लिम युवकों ने सिर कलम कर अलमख भील की हत्या कर दी.
रिपोर्ट दर्ज, लेकिन गिरफ्तारी नहीं
पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक मृतक की बेटी आरोपी युवकों की शिनाख्त नहीं कर पाई.
पाकिस्तान में प्रताड़ित हैं हिंदू
गौरतलब है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर आए दिन हमले होते हैं. इससे पहले 30 मार्च 2023 को पाकिस्तान के कराची में हिंदू डॉक्टर बीरबल गेनानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह अपने क्लीनिक से घर लौट रहे थे, इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां दागकर उनकी हत्या कर दी थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Pakistan news, Pakistan police, World news
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 23:40 IST








