
नई दिल्ली. दिग्गज फिल्म मेकर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) और एक्टर अनुपम खेर (Anupam Kher) किसी न किसी वजह से खबरों में बने ही रहते हैं. पिछले साल अनुपम खेर की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज पर अनुराग कश्यप की एक टिप्पणी से एक्टर काफी नाराज हुए थे. दरअसल, फिल्म मेकर ने बातों ही बातों में ‘द कश्मीर फाइल्स’ को ऑस्कर के लिए नोमिनेट न करने की गुहार लगा दी थी. जिसके बाद एक्टर और फिल्म मेकर के बीच मन मुटाव का सिलसिला शुरू को गया था. लेकिन अब सामने आ रही मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों के सुर बदले- बदले से लग रहे हैं.
अनुराग कश्यप ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि अक्सर उनकी अनुपम खेर से मुलाकात होती रहती है. ये दोनों ही सेलेब्रिटी एक ही डॉक्टर के पास जाते हैं जिस वजह से जाने- अनजाने वह टकरा ही जाते हैं. डायरेक्टर ने आगे बताया था कि अलग- अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद एक्टर ने उन्हें ये सुझाव दिया कि दोनों को एक- साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम करना चाहिए.
अब हाल ही में ‘द लल्लनटॉप’ को दिए एक इंटरव्यू के दौरान अनुपम खेर ने अनुराग कश्यप के इस बयान पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. जब एक्टर से पूछा गया कि क्या राजनीतिक विचारधाराओं की वजह से बॉलीवुड भी बंट चुका है? जिसके जवाबा में एक्टर ने कहा, “मैंने उनका (अनुराग कश्यप का) इंटरव्यू नहीं देखा है. हां ये सच है कि हम डॉक्टर के यहां मिलते ही रहते हैं और मुझे किसी से काम मांगने में शर्म नहीं आती है. किसी से काम मांगने से आप छोटे नहीं हो जाते हैं.”
एक्टर आगे कहते हैं, “ मैं अनुराग कश्यप के साथ काम करना चाहता हूं. वह एक उम्दा फिल्म मेकर हैं. मैंने उनकी पुरानी फिल्में देखी हैं और उनकी कुछ फिल्में वाकई कमाल की हैं. वह एक बहुत ही अच्छे निर्देशक हैं और राजनीतिक विचारधारा काम के आड़े नहीं आनी चाहिए”. हालांकि, एक्टर ने माना कि उन्होंने डायरेक्टर की कोई भी लेटेस्ट फिल्म नहीं देखी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Anupam kher, Anurag Kashyap
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 20:31 IST








