
हिमांशु अग्रवाल/छतरपुर: एमपी के छतरपुर की रहने वाली एक छात्रा की प्रतिभा गरीबी और तंगहाली की भेंट चढ़ रही है. विद्या कुशवाहा नाम की होनहार छात्रा इतनी निपुण है कि वह बड़े स्तर पर चित्रकला कर अपना हुनर देश के सामने दिखाना चाहती है, लेकिन गरीबी इतनी की वह बाजार से कूची और रंग तक नहीं खरीद सकती.
इस बेटी में चित्रकला का जज़्बा इतना है कि उसने अपने देसी जुगाड़ से दातुन की कूची के सहारे दीवारों पर ऐसी तस्वीरें उकेरी हैं, जिसे लोग देखते ही रह जाते हैं. लेकिन बदकिस्मती देखिये की अपने जहन में कला के गुण संजोये इस बेटी की किसी ने सुध नहीं ली है. बावजूद इसके विद्या को शासकीय मदद की दरकार है.
दीवारों पर बना रही सुंदर चित्र
छतरपुर जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर स्थित चन्दनगर में चित्रकला की शौकीन ग्रामीण छात्रा विद्या कुशवाहा तंगहाली के कारण अपना हुनर नहीं दिखा पाती. दीवारों और उत्तर पुस्तिका में कई सुंदर चित्र बनाए, लेकिन उसके पास कोई संग्रह नहीं है. छतरपुर के चंद्रनगर के नजदीक ग्राम राजगढ़ में परमलाल कुशवाहा की बेटी विद्या कुशवाहा के बनाए गए सुंदर चित्र उसके घर और पड़ोस की दीवारों में आपको देखने को मिल जाएंगे.
ब्रश मांग लेती हूं, नहीं तो दातून से काम चलाती हूं
विद्या ने बताया कि उसे जंगली जानवरों, राधा-कृष्ण, दुर्गा जी आदि चित्र बनाने का बहुत शौक है. इससे बहुत खुशी मिलती है. आर्थिक तंगी और गरीबी के चलते वह दातुन की कूची से चित्र बनाती है. उसके पास ब्रश और अच्छे कलर नहीं है और न ही मार्गदर्शक. विद्या ने बताया कि दीपावली के समय किसी के घर खिड़की-दरवाजों पर पुताई करने वाले ब्रश मांग लेती है या दातुन के बराबर लकड़ी काटकर उसमें रुई लपेटकर ब्रश बनाती है.
मां का हाथ बंटाती है
गत वर्ष 12वीं कर चुकी विद्या अब मां के साथ घर के काम में हाथ बंटाती है. विद्या ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं और घर की दीवारों पर ही उसने चित्र बनाए हैं. इस कारण उसके पास कोई संग्रह नहीं है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 21:43 IST








