
इस्लामाबाद. पाकिस्तान में कांगो वायरस संक्रमण का 2023 का पहला मामला सामने आया है. इस वायरस की चपेट में आने से एक 28 वर्षीय व्यक्ति की कराची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. सिंध स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 28 वर्षीय व्यक्ति, जिसकी पहचान लियाकताबाद के मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है. वह एक मीट कारोबारी था.
कांगो वायरस संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “शुरुआत में मरीज को 30 अप्रैल को सिरदर्द और बुखार हुआ, जो दो दिन बाद तेज हो गया. उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसका एक दिन तक इलाज चला.” बताया गया है कि आदिल को 2 मई को बहुत तेज बुखार हुआ और उसे अस्पताल ले जाया गया. पीड़ित ने बाद में नाक से खून बहने की शिकायत की. अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में मरीज का डेंगू और मलेरिया के लिए परीक्षण किया गया था, लेकिन परिणाम निगेटिव निकाला था.
हालत बिगड़ती गई और मौत
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मोहम्मद आदिल की हालत दो दिनों के बाद बिगड़ गई और उन्हें स्थानांतरित कर दिया गया और 4 मई को उत्तरी नज़ीमाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि गहन देखभाल के बावजूद, 5 मई को मरीज की मौत हो गई. स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि मरीज के घर पर कोई जानवर नहीं था और उसने इस अवधि के दौरान कराची से बाहर यात्रा भी नहीं की थी.
मवेशियों से इंसानों में करता है प्रवेश, ये हैं लक्षण
कांगो वायरस मुख्य रूप से मवेशियों और अन्य पशुओं पर टिक्स द्वारा मनुष्यों में फैलता है और इससे गंभीर बुखार, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी और आंतरिक रक्तस्राव हो सकता है. इसकी उच्च मृत्यु दर है, और वर्तमान में वायरस के लिए कोई टीका या विशिष्ट उपचार नहीं है.
स्वास्थ्य विभाग ने सावधानी बरतने को कहा
एआरवाई न्यूज के अनुसार, प्रांतीय स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से वायरस के संपर्क में आने से बचने के लिए सावधानी बरतने का आग्रह किया है, जैसे कि सुरक्षात्मक कपड़े पहनना और मवेशियों या अन्य पशुओं के संपर्क में आने पर सफाई रखने को कहा है. गौरतलब है कि पिछले दस दिनों में इस वायरस से यह चौथी मौत थी. 2 मई को क्वेटा में एक 20 वर्षीय महिला की कांगो वायरस के कारण मृत्यु हो गई.
क्या है कांगो वायरस?
कांगो वायरस या क्रीमियन-कांगो रक्तस्रावी बुखार घातक होता है. यह वायरस पशुओं की चमड़ी से चिपके रहने वाले हिमोरल नाम के परजीवी से इंसानों में फैलता है. परजीवी के काटने या संक्रमित जानवर के शरीर से निकलने वाले तरल के संपर्क में आने से यह वायरस इंसानों में फैल सकता है. कांगो वायरस के लक्षण डेंगू बुखार की तरह होते हैं, लेकिन इसमें त्वचा से खून भी निकलने लगता है. वायरस के कारण लीवर और किडनी फेलियर हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Congo virus, Health News, New Delhi news, Pakistan news
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 18:44 IST








