Sahibganj News: पुलिस ने बरामद किया अगवा हुआ बच्‍चा, चचेरे भाई ने कराया था अपहरण, मांगी थी 80 लाख की फिरौती

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पवन कुमार राय/साहिबगंज. झारखंड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के समलापुर से 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरादात के 24 घंटे के अंदर भागलपुर के पीरपैंती से बच्चे के सकुशल बरामद कर लिया गया. छानबीन में बच्चे के चचेरे भाई के द्वारा साजिश रचने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, चचेरे भाई ने कुछ सहयोगियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया है. हालांकि मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

दरअसल समलापुर के लाल बहादुर यादव के घर रविवार को गांव से उनका भतीजा आया था. उसने ही बहादुर यादव के 12 वर्षीय पुत्र भवेश को पैसे देकर झुमावती अस्पताल के पास स्थित दुकान से कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए भेजा था. वहां पहले से एक युवक खड़ा था. इसने भवेश को घर पहुंचाने के लिए स्कॉर्पियो गाड़ी में बिठाया और भागलपुर के पीरपैंती लेकर चला गया.

फिर की 80 लाख की फिरौती की मांग
शाम करीब 4 बजे बच्चे का अपहरण हुआ. इसके बाद शाम को करीब 7 बजे भवेश के मोबाइल से उसके पिता को कॉल कर 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी. इसके बाद भवेश के पिता ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी. वहीं, पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबिश देना शुरू की. उधर बच्चे को पीरपैंती में एक झोपड़ी में रात भर रखा गया. इस बीच पुलिस की दबिश की भवक अपहर्ताओं को लग चुकी थी. लिहाजा वो बच्चे को पीरपैंती रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए.

इसके बाद बच्चे ने स्टेशन पर किसी से मोबाइल मांग पर घर वालों को सूचित किया. फिर पुलिस पीरपैंती गई और बच्चे को वहां से साहिबगंज ले आई. अब पुलिस अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. बता दें कि लाल बहादुर यादव मूल रूप से भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर के रहने वाले हैं. बच्चों को पढ़ाने के लिए साहिबगंज के जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के समलापुर में किराए के मकान में रहते हैं.

पुलिस ने कही ये बात
साहिबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि बच्चे को भागलपुर के पीरपैंती से सकुशल बारमद कर लिया गया है. उसके बाद से बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया. साथ ही बताया कि अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Tags: Crime News, Jharkhand Police, Sahibganj, Sahibganj Police

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें