दिल्ली मेट्रो में बंद होंगे टोकन, क्यूआर कोड वाले पेपर टिकट से एंट्री शुरू, टिकट के लिए लाइन खत्म!

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

क्यूआर कोड वाले पेपर टिकट 2 विशिष्ट स्टेशनों के बीच ही मान्य होंगे.
बीच में किसी स्टेशन पर उतरकर बाहर निकलने के लिए फ्री पास लेना होगा.
पेपर टिकट जारी होने के 60 मिनट के अंदर स्टेशन में प्रवेश करना होगा.

नई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में सफर के लिए यात्री अब सभी लाइन पर क्यूआर कोड आधारित पेपर (QR Code Paper Ticket) टिकट खरीद सकते है. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि DMRC चरणबद्ध तरीके से मौजूदा टोकन आधारित व्यवस्था को समाप्त करेगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल यात्री स्टेशन पर काउंटर से टोकन और क्यूआर कोड आधारित पेपर टिकट दोनों खरीद सकते हैं.

हालांकि, क्यूआर कोड वाले टिकट का इस्तेमाल कर यात्री बीच में किसी स्टेशन से उतर कर बाहर नहीं निकल सकते. उन्हें वहीं से बाहर निकलना होगा जहां तक के लिए टिकट ली गई है. अगर वह बीच में किसी स्टेशन से बाहर निकलना चाहते हैं तो इसके लिए उन्हें काउंटर पर बैठे कर्मचारी से फ्री पास टिकट लेना होगा. इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया जाएगा. डीएमआरसी ने हर स्टेशन पर क्यूआर कोड वाले टिकट के लिए 2 एएफसी (ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन) लगाए हैं. इसमें एक एंट्री और दूसरा एग्जिट पर लगाया गया है.

ये भी पढ़ें- खुश हो जाओ यूपी-झारखंड वालों! मिलने जा रही है 2 नई वंदे भारत ट्रेन, इन स्टेशनों के बीच दौड़ेगी

जहां से जारी हुआ वहीं से एंट्री
डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि यात्री क्यूआर टिकट के जरिए उसी स्टेशन से प्रवेश कर पाएगा जहां से यह जारी हुआ है इसके अलावा किसी ओर स्टेशन से नहीं. बकौल डीएमआरसी, यह टिकट जारी होने के बाद यात्री को 60 मिनट के भीतर मेट्रो स्टेशन में प्रवेश करना होगा और अगर वह इतने वक्त में स्टेशन में प्रवेश नहीं कर पाता है तो यह टिकट अमान्य हो जाएगा. गौरतलब है कि ये क्यूआर कोड एएफसी गेट पर ही लगा होगा जिसे फोन से स्कैन कर पेपर टिकट लिया जा सकेगा. इस सुविधा के पूरी तरह लागू हो जाने के बाद टिकट काउंटर पर लाइनें खत्म हो जाएंगी.

फोटो मान्य नहीं
अधिकारियों ने कहा कि क्यूआर आधारित पेपर टिकट का मोबाइल से खींचा गया फोटो या फोटो कॉपी मान्य नहीं होगी. जिन यात्रियों के पास मोबाइल से खींची फोटो या कॉपी होगी उन्हें ‘बिना टिकट’ माना जाएगा तथा नियमों के तहत उनसे निपटा जाएगा. मेट्रो के बयान के मुताबिक, यह अधिक पारदर्शी और कैशलैस तरीका है. बकौल डीएमआरसी, धीरे-धीरे टोकन जारी करने के चलन को खत्म कर दिया जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि मेट्रो का लक्ष्य मई के अंत तक मोबाइल आधारित क्यूआर टिकट लाने का भी है. मोबाइल आधारित क्यूआर टिकट की व्यवस्था फिलहाल एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर उपलब्ध है.

Tags: Business news in hindi, Delhi Metro, Delhi Metro News, Delhi news, DMRC

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें