GT vs LSG: हार्दिक ने बड़े भाई क्रुणाल की टीम को हराया, गुजरात की लखनऊ पर दूसरी जीत, साहा-गिल ने लूटी महफिल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को दूसरे मैच में भी हराया
ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल रहे गुजरात की जीत के हीरो

नई दिल्ली. आईपीएल 2023 के 51वें मुकाबले में छोटे भाई हार्दिक पंड्या की टीम गुजरात टाइटंस ने बड़े क्रुणाल पंड्या की लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात ने लखनऊ को 228 रन का टारगेट दिया था. लेकिन, लखनऊ की टीम इसे हासिल नहीं कर पाई. ये इस सीजन में गुजरात की लखनऊ पर दूसरी जीत है. इससे पहले, लखनऊ में हुए लो स्कोरिंग मैच में गुजरात ने मेजबान टीम को 7 रन से शिकस्त दी थी. इस जीत के साथ ही गुजरात ने पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली. गुजरात के अब 8 जीत के साथ 16 अंक हो गए हैं और प्लेऑफ में टीम की जगह करीब-करीब पक्की हो गई.

लखनऊ सुपर जायंट्स ने 228 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी. केएल राहुल की गैरहाजिरी में क्विंटन डिकॉक ने काइल मायर्स के साथ पारी की शुरुआत की. डिकॉक का आईपीएल 2023 का ये पहला मैच था. उन्हें 8 मैच बाद खेलने का मौका मिला. डिकॉक ने इसका पूरा इस्तेमाल किया और पावरप्ले में चौके-छक्कों की बरसात कर दी. उन्होंने और काइल मायर्स ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 72 रन ठोके. ये आईपीएल में पावरप्ले में टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है.

डिकॉक-मायर्स ने लखनऊ को दिलाई अच्छी शुरुआत
लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के 9वें ओवर में मोहित शर्मा ने मायर्स को आउट कर खतरनाक होती दिख रही इस जोड़ी को तोड़ा. राशिद खान ने बाउंड्री पर मायर्स का शानदार कैच लपका. मायर्स के आउट होने के बाद लखनऊ के रनों की रफ्तार थम सी गई और अगले 4 ओवर में टीम ने 25 रन ही बनाए. इस बीच, डिकॉक ने अपने 50 रन पूरे किए. हालांकि, रन गति कम होने का लखनऊ को नुकसान उठाना पड़ा और टीम ये मुकाबला हार गई.

गिल-साहा की तूफानी पारी
इससे पहले, गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा ने तूफानी बल्लेबाजी की. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 12.1 ओवर में ही 142 रन जोड़े. साहा ने महज 20 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए. साहा 43 गेंद में 81 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के मारे. उनके आउट होने के बाद भी शुभमन गिल ने ताबड़तोड़ बैटिंग जारी रखी. वो 6 रन से शतक से चूक गए. गिल ने 51 गेंद में नाबाद 94 रन की पारी खेली. इन दोनों की तूफानी बैटिंग के कारण गुजरात ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 227 रन बनाए, जो आईपीएल में गुजरात का सबसे बड़ा स्कोर है.

Tags: Gujarat Titans, Hardik Pandya, IPL 2023, Krunal pandya, Lucknow Super Giants

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें