
हाइलाइट्स
बूंदी शहर में हुई वारदात
मारपीट में घायल हुआ प्रेमी
घायल प्रेमी को कोटा किया रेफर
बूंदी. बूंदी शहर में एक प्रेमी जोड़े को प्यार (Love) करना महंगा पड़ गया. यहां प्रेमी को प्रेमिका से एकांत में मिलना और बात करना भारी पड़ गया. दोनों को बातचीत करते देखकर प्रेमिका के परिजन आग बबूला हो गए और उन्होंने प्रेमी युवक को जमकर पीटा. बाद में उसके सिर के बाल काट दिए. युवक की चीख पुकार सुनकर लोग वहां पहुंचे और उसे छुड़ाया. मारपीट में घायल हुए युवक को कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहां उसका उपचार चल रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अरनेठा निवासी अंकुश सैनी तालेड़ा थाना इलाके के एक गांव की युवती से प्यार करता है. दोनों की मोबाइल पर बातचीत होती रहती है. युवती ने उसे मोबाइल कर बातचीत करने के लिए शनिवार को बूंदी कृषि मंडी रोड़ स्थित सुनसान जगह पर बुलाया. वहां दोनों रोड़ के साइड में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इस दौरान युवती का पीछा करते हुए उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
युवक चिल्लाया तो लोग दौड़कर वहां आए
युवती के पिता और भाइयों ने वहां जाकर अंकुश सैनी को पकड़ लिया. बाद में उसे सड़क के पास ही स्थित खेत में ले गए. वहां ले जाकर अंकुश के साथ जमकर मारपीट की. इससे भी मन नहीं भरा तो उन्होंने युवक के सिर के बाल काट डाले. इस पर युवक को जोर-जोर से चिल्लाने लग गया. युवक की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर वहां आए. उन्होंने अंकुश को युवती के परिजनो के चंगुल से छुड़वाया.
लोगों ने प्रेमी को पुलिस को सौंप दिया
बाद में फोनकर तालेड़ा थाना पुलिस को बुलवाया. पुलिस के आने पर लोगों ने अंकुश को उसके सुपुर्द कर दिया. उसके बाद पुलिस घायल प्रेमी को लेकर तालेड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंची. वहां युवक का प्राथमिक उपचार किया. अंकुश के सिर में गंभीर चोट लगी होने के कारण डॉक्टर्स ने उसे कोटा के लिए रेफर कर दिया. वहां अंकुश का इलाज चल रहा है. पुलिस ने घायल युवक और युवती के परिजनों के बयान लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bundi, Crime News, Love Story, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : May 07, 2023, 12:50 IST








