मुंबई. फिल्मों में अक्सर लीड एक्टर्स को लेकर ही ज्यादा चर्चा होती है. लेकिन हर फिल्म में ऐसे कई कैरेक्टर आर्टिस्ट (Character Artists in Bollywood) होते हैं, जो फिल्मों में अहम किरदार होते हैं. या यूं कहें कि कहानी को आगे बढ़ाने में इन किरदारों का होना बेहद जरूरी होता है. ऐसा ही एक कपल है, जो अपने अभिनय से फिल्मों में जान डाल देता है. खास तौर पर रोहित शेट्टी की फिल्मों में तो इन दोनों कलाकारों का होना जरूरी सा है. हम बात कर रहे हैं मुरली शर्मा (Murli Sharma) और अश्विनी कलसेकर (Ashwini Kalsekar) की. दोनों ही कलाकार अपने उम्दा अभिनय से फिल्मों में जान डाल देते हैं.
फिल्मी दुनिया में लंबे समय से काम कर रहे मुरली और अश्विनी अपने काम और पहचान को लेकर खुश हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि ये दोनों हस्बैंड वाइफ हैं. मुरली ने जहां एक्टिंग की शिक्षा ली है. वहीं, अश्विनी ने एक्टिंग नहीं सीखी है. वे पहले एयरलाइंस में काम करती थी और इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. लेकिन अश्विनी के अभिनय को देखकर नहीं कहा जा सकता कि उन्होंने एक्टिंग नहीं सीखी है. इस बारे में अश्विनी का कहना है कि ‘कला कि लिए भगवान कलाकारों का चयन करता है और मैं खुशकिस्मत हूं मैं कला के क्षेत्र में काम कर रही हूं.’
(instagram/ashwinikalsekar)
प्रकाश झा की फिल्म के सेट पर…
अश्विनी और मुरली की पहली मुलाकात प्रकाश झा की फिल्म ‘अपहरण’ के सेट पर हुई थी. इस बारे में एक इंटरव्यू में मुरली ने बताया था, ‘हम प्रकाश सर की फिल्म के शुक्रगुजार हैं. फिल्म के दौरान हम दोनों की मुलाकात हुई, नम्बर एक्सचेंज हुए और फिर हमें जीवन भर का साथ मिला.’ अश्विनी और मुरली एक दूसरे के सबसे बड़े क्रिटिक भी हैं. अश्विनी के अनुसार, ‘जब भी हम साथ काम कर रहे होते हैं, सीन होने के बाद एक दूसरे की तरफ देखते हैं कि हमने सही किया या नहीं. दोनों का मानना है कि कलाकार के तौर पर वे एक दूसरे को बेहतर तरीके से बातें समझा पाते हैं.’ अश्विनी और मुरली ने साल 2009 में शादी की थी. यह अश्विनी की दूसरी शादी थी इससे पहले उन्होंने नीतिश पांडे से 1998 में शादी की थी और दोनों का साल 2002 में तलाक हो गया था.
जो भी मिला है, उसमें खुश हैं
अश्विनी और मुरली दोनों को ही इस बात का मलाल नहीं है कि उन्हें लीड किरदार नहीं मिलते. एक इंटरव्यू के दौरान दोनों का कहना था कि हमने कैरेक्टर आर्टिस्ट के तौर पर अपनी जगह बनाई है और हमें जो भी मिला है उसमें हम खुश हैं. हमारे काम को सराहना मिलती है और निर्देशक हम पर भरोसा करते हैं, यही बड़े सम्मान की बात है. बता दें कि अश्विनी और मुरली ने रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल’ सीरीज में काम किया है. इसके अलावा दोनों हाल ही रणवीर सिंह की फिल्म ‘सर्कस’ में भी नजर आए थे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Entertainment Special, Prakash jha, Rohit shetty
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 05:30 IST








