जम्मू-कश्मीर में आतंकियों पर बड़े प्रहार की तैयारी, ड्रोन से की जा रही जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राजौरी. जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों द्वारा शुक्रवार को किए गए धमाके में सेना के 5 जवानों के शहीद होने के बाद से सुरक्षाबल लगातार एक्शन में हैं. यहां आतंकियों की धरपकड़ के लिए सेना ने पूरे इलाके में बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया है. सूत्रों के अनुसार, यहां अगले कुछ घंटों में बड़ा ऑपरेशन हो सकता है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आतंकियों की तलाश के लिए भारतीय सेना राजौरी, पुंछ और कांडी के जंगली इलाकों में ड्रोन के जरिये मैंपिंग कर रही है. इससे यह पता चल सकेगा कि आतंकी किन कच्चे घरों और गुफाओं में छिपे हैं.

दरअसल कश्मीर में खानाबदोश चरवाहे जंगलों में कच्चे घर बनाते हैं. साल के इस वक्त उनके ये कच्चे घर खाली रहते हैं. ऐसे में आतंकियों को बना-बनाया एक आश्रय मिल जाता है, जिसमें वे लंबे समय तक रहते हैं और यहीं से अगले हमले की प्लानिंग तैयार करते हैं.

ऐसे में सेना ने भी अब एक खास रणनीति तैयार कर ली है, जिसके तहत आने वाले कुछ घंटों में आतंकियों के खिलाफ बड़े अभियान को अंजाम दिया जा सकता है.

सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में एक आंतकी ढेर
इससे पहले राजौरी के घने जंगली क्षेत्र में शनिवार को जारी अभियान में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया. कांडी वन में सेना के ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी घायल भी हुआ है. मुठभेड़ में मारे गए गए आतंकी के बारे में माना जाता है कि वह इस साल की शुरुआत में धांगड़ी गांव में आम लोगों पर हुए हमले में शामिल था.

ये भी पढ़ें- सिद्धांत छेत्री की दो महीने पहले हुई थी शादी, शहादत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही पत्नी

जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि मारे गए आतंकवादी के पास से एके-56 राइफल, चार मैगजीन, 56 गोलियां, नौ एमएम का एक पिस्तौल, उसके तीन मैगजीन और तीन ग्रेनेड बरामद किए गए.

बता दें कि राजौरी में जारी अभियान के दौरान शुक्रवार को आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में सेना के पांच जवान शहीद हो गए और मेजर रैंक के एक अधिकारी घायल हो गए थे. आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संगठन ‘पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट’ (पीएएफएफ) ने शुक्रवार के हमले की जिम्मेदारी ली है.

राजनाथ सिंह ने राजौरी जाकर लिया हालात का जायजा
इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों-राजौरी और पुंछ में सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि राजनाथ कुछ देर जम्मू में रुके और फिर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे व जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ राजौरी में ‘एस ऑफ स्पेड्स डिवीजन’ मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान, उन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में शामिल सैनिकों से संवाद भी किया.

रक्षा मंत्री ने ट्वीट किया, ‘जम्मू कश्मीर के राजौरी में आज सेना के आधार शिविर का दौरा किया. सीमा पर अभियानगत क्षमताओं और सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया. भारतीय सेना के बहादुर जवानों से भी बातचीत की. भारत हमारी मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके समर्पण को सलाम करता है.’ उन्होंने बताया कि उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, व्हाइट नाइट कोर के कोर कमांडर और जम्मू के मंडल आयुक्त ने भी राजनाथ के साथ राजौरी का दौरा किया.

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में आतंकवादियों द्वारा अक्टूबर 2021 से लेकर अब तक किए गए 8 हमलों में 26 सैनिकों सहित कुल 35 लोगों की जान गई है.

Tags: Jammu kashmir, Terrorism

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें