कौशांबी
सरायअकिल थाना में स्थित मनकामेश्वर मंदिर का ताला तोड़कर चोर दो दानपेटी उठा ले गए। थाना के बाहर दो गुमटी से भी हजारों रुपये का सामान चोर पार करने में कामयाब रहे। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मचा। फोरेसिंक टीम ने मंदिर की जांच कर सैंपल लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना में स्थित मनकामेश्वर मंदिर में दो दान पेटी रखी गई थी। यह दान पेटी करीब 20 माह से नहीं खुली थी। श्रद्धालु पूजा-पाठ करने के बाद दान करते थे। मंदिर के पुजारी बबलू शुक्ला शुक्रवार की शाम को मंदिर बंद कर घर चले गए। रात में चोर मंदिर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और दोनों दान पेटी उठा ले गए। इतना ही नहीं मंदिर के बाहर स्थित दिलीप पांडेय की गुमटी को भी चोर खंगाल ले गए। इसके अलावा संदीप पुत्र अयोध्या निवासी घमसीरा की गुमटी का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये ले गए। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मंदिर के पुजारी बबलू शुक्ला आए तो टूटी खिड़की व दान पेटी गायब देखी तो उनके होश उड़ गए। सूचना इंस्पेक्टर विनीत सिंह को दी तो वह परेशान हो गए। मंदिर पहुंचे तो नजारा देख वह भी अवाक रह गए। थाना परिसर के भीतर हुई इस चोरी से पुलिस ने पसीना छोड़ दिया। जानकारी अफसरों को दी गई। एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जांच के लिए फोरेंसिक टीम भेजी गई। टीम ने कई सैंपल लिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। चोरी की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।








