
नई दिल्ली. आईपीएल (IPL 2023) का 50वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (DC vs RCB) के बीच हो रहा है. दोनों ही टीमें पिछले मैच में फतेह पाकर अरुण जेटली स्टेडियम में एक-दूसरे को टक्कर दे रही हैं. दिल्ली ने पिछले मैच में प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर चल रही गुजरात को उनके घर में मात दी थी जबकि आरसीबी लखनऊ को मात देकर आ रही है. दिल्ली की टीम होम ग्राउंड का फायदा लेते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज करने की उम्मीद कर रही है. पिछले मैच में कप्तान डेविड वॉर्नर जल्दी पवेलियन लौट गए थे. लेकिन आरसीबी की कड़ी चुनौती के सामने उन्हें एक बड़ी पारी को अंजाम देना होगा.
आरसीबी की बात करें तो टीम के पास एक से बड़े एक गेंदबाज हैं. वहीं, बैटिंग में विराट कोहली और फाफ डु प्लेसी जैसे दिग्गज खिलाड़ी दिल्ली को परेशान कर सकते हैं. इस मैच को जीतने के बाद आरसीबी राजस्थान को पीछे छोड़ते हुए टॉप-4 में पहुंचने की उम्मीद कर रही होगी.








