
वसीम अहमद/अलीगढ़. एक तरफ प्रदेश में नगर निकाय चुनाव का दौर चल रहा है. तो वहीं, अलीगढ़ में सड़कें कीचड़ से लबालब नजर आ रही हैं. अलीगढ़ के नौरंगाबाद, शाह जमाल, भोजपुरा जैसे कई इलाकों में स्थानीय लोग व राहगीर सड़क पर निकली कीचड़ से परेशान हो रहे हैं. नगर निगम के नाला गैंग कर्मचारी भी बिना किट के नाले में सफाई करने को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं.
कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम उन्हें सेफ्टी किट नहीं दे रहा है. जिसके चलते नंगे पांव बिना किट के नाले में उतरना पड़ रहा है. जो कि उनके स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ की तस्वीर पेश कर रहा है. जबकि नगर निगम अधिकारियों द्वारा नाले से कीचड़ व मलवे को सीधे मशीन के जरिये निकाल कर डंपिंग यार्ड में फेंकने के दावे किए हुए हैं.
बच्चों को स्कूल जानें में हो रही परेशानी
स्थानीय निवासी टिंकू बताते हैं कि शहर में मेयर का चुनाव है और आप देख रहे हैं इस तरीके का कूड़े का ढेर लगा हुआ है जबकि अलीगढ़ स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आ चुका है और यहां नगर निगम में मशीनों द्वारा साफ सफाई का प्रबंध होना चाहिए,लेकिन हर जगह शहर में जगह-जगह 3 से 4 फीट तक कीचड़ सड़क पर फैली हुई हैं. जिससे लोगों को निकलने में समस्या हो रही है. इस कीचड़ की वजह से स्कूल के बच्चों को निकलने में दिक्कत हो रही है और कई वाहन इस कीचड़ की वजह से फिसल रहे हैं.
सफाई कर्मचारियों की जिंदगी से हो रहा खिलवाड़
नगर निगम के नाला गैंग कर्मचारी सागर चौहान बताते हैं कि हम नाले की सफाई का काम करते हैं. हमें पर्याप्त सुविधा नहीं दी जाती जैसे कि जूते जहरीली गैस से बचने के लिए मास्क जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए जो कि हमें नहीं मिलती. हमें किसी प्रकार की सेफ्टी किट भी नहीं दी जाती अभी भी हम बिना सेफ्टी किट और बिना जूतों के काम कर रहे हैं.
जिम्मेदार मौन
कहने को कर्मचारियों की सुरक्षा को तमाम नियम बने हैं, लेकिन उनका जमीनी स्तर पर पालन नहीं होता. नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति उदासीन रवैया अपना हुए हैं.इस संबंध में जब हमने नगर निगम के आला अधिकारी से बात करने की कोशिश की तो नगर निगम के अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 15:51 IST








