
हाइलाइट्स
शरद पवार के इस्तीफे वापसी की घोषणा पर बोले अजित पवार
कहा- इस घोषणा का स्वागत करता हूं, कार्यकर्ता एकजुट हों
साहब के नेतृत्व में अपनी पार्टी को और मजबूत बनाना है
मुंबई. राकांपा नेता अजित पवार (Ajit Pawar) ने शुक्रवार को पार्टी प्रमुख शरद पवार (NCP chief Sharad Pawar) की इस घोषणा का स्वागत किया कि वह पार्टी पद से हटने के अपने फैसले को वापस ले रहे हैं. शरद पवार द्वारा मुंबई में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में अनुपस्थित रहे अजित पवार ने एक बयान में कहा कि उनके चाचा के ‘सकारात्मक फैसले’ ने संगठन में हर किसी को ऊर्जा से भर दिया है. उन्होंने कहा, ‘पार्टी अध्यक्ष बने रहने का शरद पवार का फैसला मेरे सहित सभी राकांपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करेगा और महा विकास अघाड़ी तथा विपक्षी एकता को ताकत देगा.’
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित को इस्तीफे की शरद पवार की घोषणा के बाद पार्टी के शीर्ष पद के मुख्य दावेदारों में से एक के रूप में देखा जा रहा था. शरद पवार की दो मई की आश्चर्यजनक घोषणा से पहले, अजित की खुद की राजनीतिक योजनाओं के बारे में अटकलें तेज थीं. हालांकि अब अजित ने शरद पवार के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए पार्टी से अपील की है कि एनसीपी को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अधिक जिम्मेदार होना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए.
अजित पवार ने की अपील- साहब के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करें
अजित पवार ने कहा कि हम सबकी जिद पर साहब ने अपने स्वास्थ्य को दरकिनार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहने का फैसला किया है. उनकी उम्र और स्वास्थ्य का ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है. मैं आप सभी से एक साथ काम करने और साहेब के नेतृत्व में जोश के साथ NCP को मजबूत करने का आग्रह करता हूं. प्रेस बयान में, अजित ने यह भी बताया कि 6 मई से वह राज्य में बारामती, कोरेगांव, सतारा, फलटन, उस्मानाबाद, लातूर, दौंड, कर्जत के 8 दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इससे पहले शुक्रवार को शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष पद छोड़ने का अपना फैसला वापस ले लिया था. पार्टी की समिति ने शरद पवार के इस्तीफे को खारिज करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया और उनसे अनुरोध किया कि उन्होंने जिस पार्टी की स्थापना की है, उसका नेतृत्व करते रहें. शरद पवार ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ajit Pawar, Maharashtra, NCP chief Sharad Pawar, शरद पवार
FIRST PUBLISHED : May 05, 2023, 23:12 IST








