
पवन कुमार राय/साहिबगंज. जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के चटकी गांव के जंगल से मिले मानव खोपड़ी और शरीर के टुकड़े मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को रांची से डीएफएसएल, डॉग स्क्वायड व सीआईडी की टीम पहुंची थी. जंगल में जहां से शव के टुकड़े मिले हैं वहां से ब्लड स्पोर्ट व अन्य चीजों का सैंपल एकत्र किया गया. इस दौरान वहां से करीब 200 मीटर की दूरी मानव हड्डी का टुकड़ा व बाल मिले हैं. जिसे फोरेंसिक टीम ने जब्त किया है.
बता दें कि शव के टुकड़ों के पास से आंगनबाड़ी सेविका की साड़ी बरामद हुई थी. इससे आशंका जाहिर की जा रही है यह टुकड़ा लापता आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका मालोती सोरेन का शव का हो सकता है. लेकिन पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं पर अनुसंधान जारी है. बरामद शव के टुकड़े का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. इसके लिए मालोती के माता या पिता का ब्लड सैंपल लिया जाएगा. डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शव मालोती सोरेन का है या नहीं. हालांकि जंगल में शव का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस ने मालोती सोरेन के पति को गिरफ्तार कर जेल दिया है.
27 अप्रैल से लापता है मालोती सोरेन
बता दें कि 27 अप्रैल से बोरियो प्रखंड के बांझी चटकी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका मालोती सोरेन लापता है. उनकी हत्या की आशंका जताई जा रही थी. इसी बीच चटकी पहाड़ पर आज महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था . मालोती सोरेन की मां संजलि टुडू ने इससे तीन दिन पहले थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस महिला के पति और परिजनों से पूछताछ की थी. हालांकि, महिला का कुछ पता नहीं चला सका. वहीं आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव के टुकड़े कर जंगल में फेंका गया होगा.
फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमार्टम
इधर एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि बदामद शव के टुकड़े सड़े होने के कारण सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलों झानो मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि शव का कई हिस्सा अभी भी बरामद नहीं हुआ है. पुलिस खोजबीन कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Crime News
FIRST PUBLISHED : May 05, 2023, 22:32 IST








