कौशांबी
मंझनपुर में पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
कौशांबी। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कौशांबी पुलिस की साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना टीम ने मंझनपुर स्थित श्री दुर्गा देवी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, बैंक से संबंधित धोखाधड़ी, क्यूआर कोड स्कैन, व्हाट्सएप हैकिंग, ओटीपी साझा करने और फर्जी एप के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचें।
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
कौशांबी पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।








