कौशांबी। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कौशांबी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की त्वरित कार्रवाई से ठगी के शिकार युवक के खाते में 22,620 रुपये वापस कराए गए हैं। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक, सैनी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी अरुणेश पाण्डेय के साथ 18 अप्रैल 2026 को यूपीआई के माध्यम से 70,000 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की टीम ने तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 22,620 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए। यह कार्रवाई 24 अक्टूबर 2026 को पूरी की गई।
इस कार्रवाई में जनपदीय साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना कौशांबी की टीम शामिल रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल पर भी की जा सकती है।
पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के लालच में न आने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।








