कौशाम्बी। सिराथू तहसील के दारानगर में विजयदशमी के अवसर पर आयोजित 247वां ऐतिहासिक कुप्पी युद्ध आज संपन्न हो गया। राम दल और रावण दल की सेनाओं के बीच हुए इस अनोखे युद्ध को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार, राम दल और रावण दल के बीच कुप्पी युद्ध के कुल चार राउंड हुए। इस बार मुकाबले में रावण दल की सेना ने जीत हासिल की। इस अनोखे युद्ध में दोनों दलों की ओर से 15-15 योद्धा शामिल होते हैं, जो प्लास्टिक की कुप्पियों के माध्यम से युद्ध करते हैं।

दारानगर का यह ऐतिहासिक कुप्पी युद्ध अपनी अनूठी परंपरा और रोमांचक मुकाबले के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। हर साल विजयदशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद रहा। सिराथू के उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस तरह दारानगर का 247वां ऐतिहासिक कुप्पी युद्ध रावण दल की जीत के साथ संपन्न हुआ और वर्षों पुरानी परंपरा एक बार फिर देखने को मिला।








