झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का भी लगाया आरोप
कौशाम्बी। जिले में तैनात एक ग्राम पंचायत अधिकारी पर कथित तौर पर कूटरचित शैक्षिक दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी हासिल करने का आरोप लगा है। मामले में शिकायतकर्ता कैलाश चंद्र ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, महेंद्र प्रताप सिंह वर्तमान में विकास खंड मंझनपुर की ग्राम पंचायत कादिराबाद में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उनकी हाईस्कूल की अंकतालिका, प्रमाणपत्र और पूर्व की कक्षाओं के शैक्षिक अभिलेखों सहित अन्य दस्तावेजों में अनियमितताएं हैं। शिकायतकर्ता ने इन दस्तावेजों को संदिग्ध बताते हुए संबंधित शिक्षा बोर्ड और विद्यालयों से उच्चस्तरीय सत्यापन कराने की मांग की है।
कैलाश चंद्र ने यह भी आरोप लगाया है कि अनियमितताओं की जानकारी होने के बाद उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
उन्होंने एसपी से थाना चरवा पुलिस को एफआईआर दर्ज करने और मामले में वैधानिक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।







