कौशांबी–
ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर हैंडपंप, शौचालय व पंचायत भवन के नाम पर सरकारी धन निकालने का आरोप!
कौशांबी। मूरतगंज विकासखंड के चायल तहसील अंतर्गत बेरास ग्राम पंचायत में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। गांव निवासी संगम लाल पुत्र स्वर्गीय झरई पासी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर विभिन्न विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2022-23 में भोलेनाथ बाबा मंदिर और शीतला माता मंदिर परिसर में हैंडपंप रिबोर के नाम पर धनराशि निकाली गई, लेकिन उनके अनुसार मौके पर हैंडपंप मौजूद नहीं हैं। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 में भी हैंडपंप रिबोर के नाम पर फर्जी भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र में सामुदायिक शौचालय के निर्माण और रखरखाव के नाम पर अलग-अलग वित्तीय वर्षों में धनराशि निकाले जाने का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा पंचायत भवन बेरास के नाम पर वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक विभिन्न मदों में भुगतान किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।
संगम लाल का आरोप है कि वर्ष 2025-26 और 2026-27 में हैंडपंप मरम्मत एवं सामग्री के नाम पर भी भुगतान में अनियमितताएं की गई हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने, सामुदायिक शौचालय पर ताला लगे रहने और पंचायत सचिव के नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने की शिकायत भी की है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रिक्शा चालक, आरआरसी सेंटर केयरटेकर और अन्य कार्यों के भुगतान में भी अनियमितताएं हैं। उनका कहना है कि गांव में सार्वजनिक सुविधाओं का अपेक्षित लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है।
जिलाधिकारी से जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से ग्राम पंचायत बेरास में कराए गए विकास कार्यों, भुगतान अभिलेखों और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं का मिलान कराकर जांच कराने की मांग की है। साथ ही सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की अपील की है।







