कौशाम्बी। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। विधायक चायल पूजा पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर तक निकाली गई। इस दौरान लोगों को मच्छरों से होने वाले डेंगू, मलेरिया सहित संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरदानी का प्रयोग करने, कूलर व गमलों की नियमित सफाई करने और पानी की टंकियों को ढककर रखने की अपील करेगी।
साथ ही नालियों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल का प्रयोग, खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोने और खुले में शौच से बचने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी मंझनपुर डॉ. नीरज कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनुपमा मिश्रा समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।








