प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पोस्टर वार का मामला सामने आया है। कंपनी बाग के बाहर देर रात एक विवादित होर्डिंग लगाए जाने से हड़कंप मच गया। होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ कई चर्चित चेहरों की तस्वीरें लगाई गई थीं। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही कार्रवाई करते हुए होर्डिंग को हटवा दिया गया।
होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में “माफियाराज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश” लिखा गया था। इसके साथ ही बैकग्राउंड में अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई थी। वहीं, होर्डिंग पर अतीक अहमद, आजम खान, मुख्तार अंसारी, गुलशन यादव, सुमित्रा सेन यादव और रिजवान जहीर की तस्वीरें भी दिखाई गई थीं।
होर्डिंग के निचले हिस्से में “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश” जैसे राजनीतिक नारे लिखे गए थे। इसके अलावा होर्डिंग के ऊपरी दाहिने हिस्से में टीवी9 भारतवर्ष की एक रिपोर्टिंग की कटिंग भी लगाई गई थी। हालांकि, इसे किस व्यक्ति या संगठन की ओर से लगाया गया था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि होर्डिंग को देर रात लगाया गया और सुबह होने से पहले ही पुलिस ने इसे हटवा दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में कुछ समय के लिए चर्चा का माहौल बना रहा। चुनावी माहौल के बीच इस तरह के पोस्टर और होर्डिंग सामने आने से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी से जुड़े विवादित पोस्टर सामने आने की खबरें आई हैं। सोमवार को लखनऊ, मुरादाबाद समेत कई जगहों पर इसी तरह के पोस्टरों की रिपोर्ट सामने आई, जिनमें अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था। पोस्टर लगाने वालों की पहचान कई स्थानों पर स्पष्ट नहीं हुई है।









