कौशाम्बी–मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के धाता रोड स्थित बीपी पब्लिक स्कूल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अधेड़ अपने बेटे के साथ बाइक पर जा रहा था, तभी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नाराज बेटे ने पिता पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
गोली लगने से अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल व्यक्ति डीएम कार्यालय में सफाई कर्मी के पद पर तैनात बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी और बेटों के साथ नहीं रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।








