कौशाम्बी–उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री एवं कौशाम्बी की प्रभारी मंत्री Krishna Paswan ने मंगलवार को नगर पंचायत करारी स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में व्याप्त अव्यवस्थाओं और गंदगी को देखकर मंत्री नाराज हो गईं। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष शमशाद बख्श और अधिशाषी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री बिना पूर्व सूचना के कान्हा गौशाला पहुंचीं और वहां मौजूद गायों की स्थिति, साफ-सफाई, चारे-पानी तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल के लिए गंभीर है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जब गौशाला में मौजूद गौवंशों की संख्या की जानकारी दी गई तो मंत्री ने अभिलेखों और मौके पर मौजूद गायों की संख्या में अंतर पाए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सही आंकड़े प्रस्तुत करने और रिकॉर्ड को पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने गौमाताओं को अपने हाथों से फल और गुड़ खिलाया तथा उनकी सेहत और देखभाल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में रहने वाले निराश्रित गौवंशों की उचित देखभाल सुनिश्चित करना प्रशासन और नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंत्री ने नगर पंचायत प्रशासन को साफ-सफाई, चारा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि खामियां मिलीं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक लाल बहादुर, भाजपा नेत्री Neetu Kannaujia सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री के औचक निरीक्षण से नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री के निरीक्षण के बाद गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार होने की उम्मीद बढ़ गई है।








