प्रयागराज –संगम नगरी के प्रधान डाकघर में भारतीय डाक विभाग का एक्सईएन डेढ़ लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया हैं।सीबीआई ने प्रधान डाकघर में छापेमारी कर किया एक्सईएन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार एक्सईएन ने एक करोड़ के निर्माण कार्य के भुगतान के लिए ठेकेदार से 20 लाख की रिश्वत मांगी थी।
प्रयागराज के प्रधान डाकघर में आज उस वक़्त हड़कंप मच गया जब सीबीआई ने छापेमारी की। इस रेड में सीबीआई ने प्रधान डाकघर के एक्सईएन आशीष अग्रवाल को डेढ़ लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सीबीआई ने डाकघर के अलावा धूमनगंज इलाके में एक्सईएन के घर पर भी छापेमारी कर जांच पड़ताल की और दस्तावेज खंगाला। गिरफ्तार एक्सईएन आशीष अग्रवाल से सीबीआई अफसरों ने घंटों पूछताछ किया।
बता दें कि इन दिनो डाक विभाग में वाराणसी व गोरखपुर समेत कई शहरों में निर्माण चल रहा है। इसी कड़ी में गोरखपुर में निर्माण कार्य का ठेका
कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सनद मिश्र को मिला था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद करीब एक करोड़ का भुगतान होना था। निर्माण विभाग में एक्सईएन आशीष अग्रवाल ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सनद मिश्र से इस भुगतान के एवज में 20 लाख रुपए रिश्वत मांगी थी।
ठेकेदार सनद मिश्रा ने इसकी शिकायत सीबीआई से की और प्रारम्भिक जांच मे आरोप सही पाए जाने पर सीबीआई ने डाकघर में रेड की और एक्सईएन को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने सबसे पहले प्रधान डाकघर स्थित कार्यालय को खंगाला। इसके बाद धूमनगंज स्थित एक्सईएन के आवास में भी जांच पड़ताल की और दस्तावेज खंगाला। छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कुछ अधिकारियों के बयान दर्ज किए। डाकघर निर्माण से संबंधित दस्तावेज भुगतान की डिटेल बैंक की डिटेल और अकाउंट की जानकारी भी सीबीआई अपने साथ ले गई है। सीबीआई की टीम वैधानिक कार्यवाही पूरी कर एक्सईएन को अपने साथ ले गई। सीबीआई की इस कार्यवाही से डाकघर में हड़कंप मचा रहा।







