कौशाम्बी– पुलिस लाइन जनपद कौशांबी में वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा शोभा वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण की उपस्थिति में पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए बुक फेयर का आयोजन किया गया।
बुक फेयर में बच्चों को रियायती दरों पर ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, कहानी, उपन्यास एवं अन्य शिक्षाप्रद पुस्तकें शामिल रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना एवं ज्ञानवर्धन को प्रोत्साहित करना रहा।

इसी क्रम में दिनांक 16.05.2026 से पुलिस लाइन में संचालित समर कैंप के अंतर्गत बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम वर्क की भावना विकसित करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान बच्चों एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही उनके रचनात्मक कौशल के विकास के लिए कलश पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण तथा पेंटिंग एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया ।
समर कैंप के समापन अवसर पर प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा महोदया द्वारा पुस्तकें वितरित की गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की सराहना की गई तथा उन्हें निरंतर अध्ययन, रचनात्मक गतिविधियों एवं खेलकूद में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी वेलफेयर शाखा रतन सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी एवं पुलिस परिवारजन उपस्थित रहे।







