कौशाम्बी
कड़ा विकास खण्ड के अलीपुरजीता स्थित मानसिंह इंटर कॉलेज में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है।विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता राहुल कुमार ने आधिकारिक तौर पर नए प्रधानाचार्य के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी निवर्तमान प्रधानाचार्य लाल बहादुर मिश्र के सेवानिवृत्त होने के पश्चात संभाली है।नवनियुक्त प्रधानाचार्य राहुल कुमार की शैक्षणिक यात्रा इस विद्यालय में काफी पुरानी और प्रभावशाली रही है।

मूलरूप से आजमगढ़ जनपद के सरायमीर निवासी राहुल कुमार वर्ष 2008 में प्रवक्ता ( अर्थशास्त्र ) के पद पर चयनित होकर इस विद्यालय में आए थे। पिछले 18 वर्षों के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल अर्थशास्त्र विषय में छात्रों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन दिया बल्कि विद्यालय की प्रशासनिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रधानाचार्य राहुल कुमार का विद्यालय परिवार, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यालय का एक गौरवशाली इतिहास रहा है।निवर्तमान प्रधानाचार्य लाल बहादुर मिश्र के मार्गदर्शन में विद्यालय ने नए आयाम स्थापित किए हैं।मेरी प्राथमिकता विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और अधिक बेहतर बनाने, अनुशासन बनाए रखने और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर रहेगी।








