_कौशाम्बी- जिले में रविवार की शाम को मिशन शक्ति अभियान का असली संदेश तब साकार होता दिखा, जब थाना पिपरी क्षेत्र की महिला उपनिरीक्षक सरिता शिकारी ने एक महिला का जीवन बचा लिया। मामला माखउपुर स्थित ससुर खदेरी नदी पुल का है, जहां एक महिला पारिवारिक तनाव के चलते आत्महत्या के लिए पुल पर चढ़ गई थी।_
_इसी दौरान गश्त पर निकली महिला उपनिरीक्षक सरिता शिकारी, प्रभारी मिशन शक्ति केंद्र थाना पिपरी, की नजर उस महिला पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत उसे समझाने का प्रयास किया और अपनी सूझबूझ व मानवीय संवेदना से महिला को नदी में कूदने से पहले ही रोक लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई।_
_इसके बाद महिला को मिशन शक्ति केंद्र लाकर उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस टीम ने महिला के परिजनों को सूचना देकर उन्हें थाने बुलाया है। पूरे मामले को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए आवश्यक सहयोगात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।_
_पिपरी थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक सरिता शिकारी की सतर्कता और समझदारी ने आज एक अमूल्य जीवन बचा लिया। महिला मानसिक तनाव में थी, जिसे मिशन शक्ति केंद्र में काउंसलिंग देकर संभाला जा रहा है।_
_चायल क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि यह घटना मिशन शक्ति अभियान की सार्थकता को दर्शाती है। पुलिस केवल कानून व्यवस्था का ही नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी का भी निर्वहन कर रही है।_
_वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने प्रशंसा करते हुए कहा कि महिला उपनिरीक्षक सरिता शिकारी का यह कदम कौशाम्बी पुलिस की संवेदनशील और सेवा भावी छवि को दर्शाता है।_
_मिशन शक्ति अभियान का यही उद्देश्य है कि किसी भी संकटग्रस्त महिला तक पुलिस समय पर पहुंचे और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। ऐसे पुलिसकर्मियों पर पूरे जनपद को गर्व है। उनके इस मानवीय कदम से न केवल एक परिवार टूटने से बचा, बल्कि मिशन शक्ति अभियान को भी नई प्रेरणा मिली है।_






