कौशाम्बी-
सकिपा अध्यक्ष ने सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती समितियों का किया स्थलीय मौका मुआयना
समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने गुरुवार को सिराथू ब्लॉक की कई सीमावर्ती समितियों का स्थलीय मौका मुआयना किया और किसानो से वार्ता की। सबसे पहले साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द पहुंचकर किसान नेता अजय सोनी ने किसानो से वार्ता की। वार्ता के क्रम में किसानो ने बताया कि सिराथू ब्लॉक के साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द में काफी समय से किसानो को खाद का वितरण नही किया गया जिससे क्षेत्रीय किसानो को भारी दिक्कत होती है। किसानो का कहना था कि साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द का भवन बिल्कुल जर्जर हो चुका है और इस समिति में नियुक्त विभागीय कर्मी सेवानिवृत हो चुके हैं। आगे कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा इस समिति के लिए अभी तक किसी नए सचिव की नियुक्ति नहीं की गई जिसके चलते करीब एक साल से साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द मे खाद का वितरण नही किया जा सका है। आगे कहा कि जर्जर हालत में भवन होने के बावजूद सहकारिता विभाग इसके पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
इसी क्रम में साधन सहकारी समिति मानपुर गौरा (जुवरा) पहुंचकर अजय सोनी ने किसानो से वार्ता की। वार्ता के क्रम में किसानो ने बताया कि कई दिनो से डीएपी, यूरिया खाद नही मिल पा रही है और क्षेत्रीय किसान खाद की समस्या से परेशान हो रहे हैं। किसानो से वार्ता करते हुए अजय सोनी ने कहा कि कौशांबी जिला पंचायत की हाल ही में हुई बैठक में मेरे द्वारा जिले भर के किसानो के हित में जिले की सभी समितियों से समुचित मात्रा में किसानो को उर्वरकों की आपूर्ति करने की मांग उठाई गई थी लेकिन मौका मुआयना करने पर स्थिति बहुत खराब है। इस संबंध में किसान नेता अजय सोनी ने सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्र की समितियों सहित जिले भर की सभी साधन सहकारी समितियों में उर्वरक उपलब्ध कराए जाने की जिला प्रशासन कौशांबी और सहकारिता विभाग से मांग की है अन्यथा जिला सहकारिता कार्यालय घेराव करने की बात कही है। इस अवसर पर शिवसिंह पटेल, शैलेंद्र सिंह, राजकुमार पाल, बिनोद यादव, अर्जुन प्रजापति, बिहारी मौर्य, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।






