*कौशांबी न्यूज-
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) ने शुक्रवार को तहसील परिसर में बैठक का आयोजन किया। इसके बाद डीएम को ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय की अध्यक्षता में तहसील परिसर में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि तहसील में आने वाले किसानों और फरियादियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि चायल-मनौरी मार्ग से वाया गांधी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जाने वाली सड़क बहुत जर्जर हो गई है। मरीजों और तीमारदारों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील क्षेत्र में खादों का अभाव है। किसान महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। समितियों में यूरिया खाद अविलंब उपलब्ध कराई जाए। ब्लाक नेवादा के पिपरहटा गांव को जाने वाली 200 मीटर सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। उसकी मरम्मत कराई जाए। स्टेट बैंक की चायल शाखा में ट्रेजरी चालान जमा कराने की व्यवस्था की जाए। रामनगर गांव के गुड़िया तालाब में अवैध निर्माण हो रहा है। उसको तत्काल रोका जाए। जलालपुर शाना गांव में दो वर्ष पूर्व पानी की टंकी बनी थी, लेकिन अभी तक जलापूर्ति नहीं की जा रही है और बारिश में गरीबों के कच्चे मकान गिर गए हैं। उन्हें सहायता राशि दिलाई जाए। जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को संबोधित क्षेत्र की समस्याओं का नौ सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार सौरभ सिंह को सौंपा। इस मौके पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाम हसन, नन्हें तिवारी, दिल कुमार, पंचमलाल, गोविंद नारायण मिश्रा, यशवंत सिंह राठौर, सुरेश पटेल, मुन्नालाल, निर्मला देवी, शांति देवी और अशोक कुमार आदि किसान मौजूद रहे।






