69वीं मण्डलीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का क्षेत्राधिकारी सिराथू ने किया भव्य उद्घाटन

69वीं मण्डलीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का क्षेत्राधिकारी सिराथू ने किया भव्य उद्घाटन

कौशाम्बी धर्मा देवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में 69वीं मण्डलीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी सिराथू श्री सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने फीता काटकर और भार उठाकर भव्य रूप से किया। उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष अझुवा श्रीमती शांति कुशवाहा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मां शारदे की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर हुई। तत्पश्चात फीता काटकर भारोत्तोलन प्रतियोगिता का अधिकारिक रूप से उद्घाटन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रयागराज मण्डल के कौशाम्बी व प्रयागराज जनपद के प्रतिभागियों ने अपनी ताकत और क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी महोदय ने इंटरमीडियट बोर्ड परीक्षा 2025 में प्रदेश में दूसरा स्थान और जनपद की टॉप 10 सूची में स्थान प्राप्त करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही सत्र 2025-26 में राइफल एवं कुश्ती में राज्य स्तर के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और आगे बढ़कर अपने विद्यालय, जनपद व मण्डल का मान बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं। बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक अर्जित करने वाले शिक्षकों को 3000 रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता के परिणामों में अण्डर-17 और अण्डर-19 बालिका वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल की। अण्डर-17 बालिका वर्ग में 44 किग्रा भार वर्ग में सरस्वती (कौशाम्बी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं 69 किग्रा भार वर्ग में प्रांजल गुप्ता (कौशाम्बी-धर्मा देवी) ने पहला स्थान प्राप्त किया। अण्डर-19 बालिका वर्ग में 48 किग्रा भार वर्ग में स्वेच्छा (प्रयागराज), 63 किग्रा में रिया सिंह (कौशाम्बी-धर्मा देवी) व 77 किग्रा में शकुन (कौशाम्बी-धर्मा देवी) ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

सभी विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राम किरण त्रिपाठी एवं खेल सचिव कौशाम्बी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में बुलंद प्रताप राय, दिलीप सिंह, शिव प्रताप सिंह, बलवंत कुमार और श्वेता सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में नीरज केसरी (पी.इ.एस.), अंशुमान मिश्रा (चौकी प्रभारी अझुवा), राजकुमार (मण्डल खेल सचिव), श्याम लाल (कौशाम्बी खेल सचिव), भोला सिंह (फतेहपुर खेल सचिव), संतोष शुक्ला (विधायक प्रतिनिधि), ओम प्रकाश कुशवाहा (चेयरमैन प्रतिनिधि) समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रही।

यह आयोजन ना केवल छात्राओं के शारीरिक विकास का प्रतीक रहा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सम्मान का भी सुअवसर बना। इस प्रकार मण्डलीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता ने कौशाम्बी व आस-पास के क्षेत्रों में खेल व शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More