डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से किए गए सम्मानित

*डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से किए गए सम्मानित*

*नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में अद्वतीय योगदान के लिए मिला सम्मान*

*पत्नी दोनों बच्चे बहू भी रहे मौजूद*

चित्रकूट,

नई दिल्ली, 28 मई 2025 – सामाजिक सेवा एवं ग्रामीण नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन को आज पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार अलंकरण समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया।

डॉ. जैन को यह सम्मान उनके पाँच दशकों से अधिक समय से निरंतर अंधत्व निवारण एवं नेत्र चिकित्सा एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। वे मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के निदेशक हैं। उनके नेतृत्व में यह संस्थान एक छोटे नेत्र शिविर से विकसित होकर आज विश्व के सबसे बड़े नेत्र चिकित्सा केंद्रों में से एक बन चुका है, जहाँ प्रतिवर्ष 1.70 लाख से अधिक नेत्र सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की जाती हैं, जिनमें से अधिकांश निःशुल्क अथवा अत्यंत रियायती दरों पर की जाती हैं।

डॉ. जैन ने अपने जीवन को संत श्री रणछोड़दास जी महाराज के मानव सेवा, करुणा और नेत्र सेवा के संकल्प की पूर्ति हेतु समर्पित किया है। उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि समाज के सबसे वंचित वर्ग को भी गुणवत्तायुक्त, सुलभ और सस्ती नेत्र चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हों। उनकी दूरदर्शिता और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप सदगुरु नेत्र चिकित्सालय आज एक ऐसा संस्थान बन चुका है जो न केवल चिकित्सा सेवा प्रदान करता है, बल्कि नेत्र चिकित्सकों, ऑप्टोमेट्रिस्ट, नर्सों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण का भी एक प्रमुख केंद्र है।

अपने सम्मान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. जैन ने कहा, “यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं है, यह उस संपूर्ण टीम का सम्मान है, जो निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। यह संस्थापक गुरुदेव के दिव्य दृष्टिकोण और हर उस व्यक्ति को समर्पित है जिसने यह सपना देखा कि गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवा हर व्यक्ति का अधिकार होनी चाहिए। मैं यह पुरस्कार उन लाखों- करोड़ों नेत्र रोगियों को समर्पित करता हूँ, जिन्होंने विगत 55 वर्षों से मुझपर भरोसा जताया और सेवा का सुअवसर प्रदान किया”। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ट्रस्ट के भूतपूर्व अध्यक्ष स्व. श्री अरविन्द भाई मफतलाल, विशद मफतलाल, समस्त ट्रस्टीगण, गुरुभाई-बहन एवं अपनी धर्मपत्नी उषा जैन,पुत्र जिनेश, डॉ.इलेश एवं समस्त परिवारजनों के अमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग को भी श्रेय दिया।

डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन को मिला पद्मश्री सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणादायक गाथा भी है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More