जनहित के मुद्दों पर सख्त हुए सांसद पुष्पेन्द्र सरोज, कहा— लापरवाही क्षम्य नहीं, विकास में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी

_*कौशाम्बी–*_

_*जनहित के मुद्दों पर सख्त हुए सांसद पुष्पेन्द्र सरोज, कहा— लापरवाही क्षम्य नहीं, विकास में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी*_

सांसद पुष्पेन्द्र सरोज की अध्यक्षता में शुक्रवार को उदयन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सांसद ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पिछली दिशा बैठक के निर्णयों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह गठन के लक्ष्य 2726 के सापेक्ष 2769 समूहों के गठन पर संतोष जताते हुए सांसद ने सभी विभागों को पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने को कहा।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के सर्वे कार्य में पारदर्शिता बरती जाए और पात्र लोगों को योजना का लाभ मिले। जल जीवन मिशन के तहत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों को पूर्ववत स्थिति में लाया जाए और भुगतान तभी किया जाए।

बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूलों के ऊपर से गुजरने वाले हाईटेंशन तारों को हटाने को प्राथमिकता देने को कहा। खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे में बदले जाने और बार-बार जलने वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के निर्देश भी दिए।

ट्रामा सेंटर, सफाई व्यवस्था, संचारी रोगों की रोकथाम, सामूहिक विवाह योजना और सामाजिक सहायता पेंशन योजनाओं पर भी सांसद ने खास जोर दिया। देवीगंज गांव में अधूरे बिजली कार्य की शिकायत पर एक सप्ताह में कार्य पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

अंत में सांसद ने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य जनपद को आगे ले जाना है और यह तभी संभव है जब सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More