मामूली बात पर माँ बेटे पर कुल्हाड़ी और फरसा से हमला, मौत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कौशाम्बी

मामूली बात पर माँ बेटे पर कुल्हाड़ी और फरसा से हमला, मौत

कौशाम्बी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव में सोमवार देर रात मामूली विवाद में मां-बेटे पर फरसा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। दोनों बेहोश होकर गिर गए तो आरोपी भाग निकले। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस दोनों को मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। रात पौने बारह बजे एसपी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। ग्राम प्रधान और पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की।

काजू गांव निवासी 20 वर्षीय सरजीत पुत्र संगम लाल का गांव के सनी पुत्र संतोष से विवाद चल रहा है। लोगों के अनुसार, सरजीत की छोटी बहन दिमागी रूप से कमजोर है। आरोपी उससे बिस्कुट आदि मंगाते थे। सरजीत इसे पसंद नहीं करता था। इसी बात को लेकर एक दिन पहले भी विवाद हुआ था। सोमवार रात को सरजीत जैसे ही घर पहुंचा, इसी बात को लेकर विवाद हुआ। सनी और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। सरजीत ने विरोध किया तो सनी व उसके साथियों ने फरसा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सरजीत का सिर फट गया। बेटे को बचाने दौड़ी मां संगीता (42) पर भी आरोपियों ने फरसा व कुल्हाड़ी से वार किया।

मां-बेटे बेहोश होकर गिर पड़े। चीख-पुकार मची तो गांव के लोग दौड़े। ग्रामीणों को देख आरोपी भाग निकले। ग्राम प्रधान समीर सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस मां-बेटे को अचेत हाल में मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। रात पौने 12 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधान और पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी की अगुवाई में तीन टीमें गठित की गई हैं। हत्यारोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें