खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने सोमवार शाम गश्त के दौरान चोरी की दो बाइक के साथ दो युवकों समेत एक नाबालिग को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस ने चार मोबाइल भी बरामद किया। पूछताछ करने पर युवको ने मोबाइल समेत दोनों बाइक चोरी की बताई। थाने लाकर पुलिस ने तीनों के खिलाफ लिखापढ़ी कर उनका चालान कर दिया।
ऑटोलिफ्टर गैंग ने प्रयागराज जनपद में नया तरीका ढूंढ निकाला है। गैंग भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नाबालिगों को भेजकर वाहन चुराने का कार्य करता है, ताकि किसी की नजर न पड़े। फिर इन्हीं सब की मदद से वाहनों को ठिकाने तक पहुंचाकर बेचने का भी कार्य कराया जाता है। एयरपोर्ट थाना इलाके में इस समय बाइक और मोबाइल चोर काफी सक्रिय हैं। इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कई दिनों से इनकी तलाश की जा रही थी। सोमवार शाम उपनिरीक्षक ताहिर हुसैन खान हमराही के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भगवतपुर गांव स्थित नवनिर्मित बंद पड़े बस स्टैंड तालाब के समीप तीन संदिग्ध युवक किसी घटना को अंजाम देने के लिए बैठे हैं। हरकत में आई पुलिस ने तालाब के समीप पहुंच घेराबंदी कर दी। पुलिस से अपने को घिरता देख तीनों भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान युवको ने दोनों बाइक चोरी की बताई। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से चार चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किया। पकड़े गए युवको ने अपना नाम जतन पासी पुत्र प्रेमचंद्र पासी, अंशु उर्फ अनुज पासी पुत्र सुभाष पासी और एक नाबालिग निवासी भगवतपुर थाना एयरपोर्ट बताया है। इनमें से एक नाबालिग भी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले करन अकबरपुर मिर्जापुर स्थित राजकीय नलकूप के समीप महिला का पर्स और मोबाइल भी छीना था। थाने लाकर पुलिस ने लिखापढ़ी कर तीनों का चालान कर दिया।






