
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
चरवा के बेरुआ स्थित स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में गुरुवार को यातायात माह नवंबर के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। सुरक्षित यातायात के लिए उन्हें भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। यातायात जागरूकता एवं नारी सशक्तिकरण हेतु मिशन शक्ति के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम स्कूल में आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने में स्कूली बच्चों की भूमिका अहम है। उन्होंने बच्चों से जिम्मेदार बनने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का भी आह्वान किया। कहा कि सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग होना चाहिए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का मतलब है कि आप अपनी जीवन की सुरक्षा के प्रति सजग है। जीवन बड़ा ही अनमोल है। माता-पिता व अन्य सगे-संबंधी भी जीवन में सिर्फ एक ही बार मिलते हैं। इसलिए हमें जीवन को बड़ी सावधानी और सजगता के साथ जीना चाहिए, माता-पिता व घर के अन्य बड़े लोग अपने बच्चों की बातें ज्यादा सुनते व मानते हैं। इसलिए जो काम शासन प्रशासन में बैठे हुए लोग नहीं कर सकते हैं, वह काम आप बच्चे बड़ी आसानी से कर सकते हैं। इसलिए आप अपने अधिकारों एवं अपने दायित्व की पूर्ति के लिए सजग रहे। मिशन शक्ति के अंतर्गत उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब वह समय नहीं रहा है कि जब हम अन्याय को चुपचाप सहते रहे। समय बदल चुका है। समय के साथ हमारे पास विभिन्न प्रकार की अपनी समस्याओं के निस्तारण के साधन है। इसलिए आप लोग किसी भी तरह का कोई भी अनैतिक ऐसे कार्य को बर्दाश्त न करें, अगर आपको कोई भी गतिविधि संदिग्ध या गलत प्रतीत होती है तो उसके लिए तुरंत ही आप अपने माता-पिता या शिक्षकों का सहयोग लें। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी किए गए विभिन्न प्रकार के पुलिस सहायता नंबरों को अपने प्रयोग में लें। विशिष्ठ अतिथि एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिग न करने, निर्धारित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के गाड़ी न चलाए और न ही चलाने दें। बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट व कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। नशे में किसी को वाहन न चलाने दें। सीओ चायल मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने भी बच्चों को वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियां से अवगत कराया। इस मौके पर टीएसआई जितेंद्र प्रताप सिंह और एसओ जगदीश कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







