खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
विकास खंड नेवादा के ग्राम पंचायत अमिरसा में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल के बाद बीडीओ प्रदीप मौर्या ने गांव के विकास कार्यों का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी रामापति यादव को पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर योजनाओं में लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
अमिरसा गांव में शुक्रवार को बीडीओ प्रदीप कुमार मौर्या की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया था। इस दौरान चौपाल में गांव की सीमा देवी ने बताया कि उसका कच्चा और जर्जर मकान एक माह पहले बारिश में जमीदोज हो गया है। तब से वह बेघर हो गई है। बीडीओ ने लेखपाल अंजू सिंह को पीड़ित परिवार की जांच कर रिपोर्ट लगाने का निर्देश दिया। गांव के ही राम बहादुर, कमला देवी, सीताराम, शिवशंकर व शिवबाबू ने बताया कि मनरेगा योजना में काम करने के बाद भी उनके खाता में पैसा नही आ रहा है। इस पर बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी से कहा किवह डाकघर के कर्मचारियों को बुलवाकर तत्काल सभी मजदूरों का पोस्ट आफिस में नया खाता खुलवाएं, ताकि उनका पैसा सीधे उनके खाता में आये। चौपाल में मौजूद अन्य ग्रामीणों ने आवास, शौचालय, सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण की मांग किया। इसके बाद बीडीओ ने पीएम श्री विद्यालय अमिरसा में बच्चों के लिए बने मिनी पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा तीन में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं से सवाल जवाब भी किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन चख कर अपने सामने ही विद्यालय के बच्चों को भोजन करवाया। विद्यालय में कायाकल्प के सभी मानकों को पूरा देख ग्राम प्रधान की प्रशंसा की। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के टीकाकरण, वजन मशीन, फर्नीचर, किताबों समेत बच्चों को केंद्र पर सुविधा की जानकारी ली। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका अनुराधा पांडेय, ग्राम प्रधान सीमा मिश्रा, प्रधानपति अनूप मिश्रा, कोटेदार मणिकांत मिश्रा, पंचायत सहायक श्वेता मिश्रा और डाककर्मी आदर्श श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।







