कौशांबी के 11 सेंटरों पर 3827 परीक्षार्थियों ने दी आरक्षी भर्ती परीक्षा
-किसी भी सेंटर से नकलची अथवा मुन्ना भाई के पकड़े जाने की खबर नहीं
सख्ती : 3421 अभ्यर्थियों ने नहीं दिया इम्तेहान
हिमांशु भट्ट/ मो. यासीन
कौशांबी: कौशांबी जिले के 11 सेंटरों पर शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से पुलिस विभाग की आरक्षी भर्ती परीक्षा संपन्न हुई। किसी भी केंद्र से नकलची अथवा मुन्ना भाई के पकड़े जाने की खबर नहीं मिली है। सभी सेंटरों पर दोनों पालियों में कुल 3827 अभ्यर्थियों ने इम्तेहान दिया। जबकि, 3421 ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारी इसकी वजह सख्ती को बता रहे हैं।
सुबह पहली पाली में हुई आरक्षी (नागरिक पुलिस) भर्ती परीक्षा के लिए 3624 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 50.97 फसदी यानी 1847 ने परीक्षा थी। 49.03 प्रतिशत अर्थात 1777 ने इम्तेहान छोड़ दिया। इसी तरह दूसरी पाली की परीक्षा के लिए भी इतने ही अभ्यर्थियों का पंजीयन हुआ था। 1980 (54.64%) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। (45.36%) 1644 अभ्यर्थी केंद्रों तक नहीं पहुंचे। पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी 11 केंद्रों पर सकुशल परीक्षा संपन्न हुई। कहीं से किसी तरह की कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं है।
—-
डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस रखी थी। शुक्रवार को दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा सहित लगभग सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। एएसपी अशोक कुमार के साथ सभी एसडीएम व सीओ, मजिस्ट्रेट आदि अधिकारी-कर्मचारी भी भ्रमणशील रहे।
—-
सघन तलाशी के बाद ही मिली एंट्री
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था तो थी ही। दोनों पालियों में गेट पर सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को एंट्री दी गई। सभी अभिलेख खंगालने के बाद परीक्षार्थियों को कक्ष तक पहुंचने दिया गया। इस बाबत डीएम-एसपी ने पहले ही निर्देश जारी कर दिया था।

—-
रात भर भटके परीक्षार्थी
दूर के दूसरे शहरों में रहने वाले जिन परीक्षार्थियों की पहली पाली में परीक्षा थी, वह गुरुवार की शाम ही यहां पहुंच चुके थे। परीक्षार्थियों ने सबसे पहले अपने केंद्र की लोकेशन देखी। इसके बाद रात रहने के इंतजाम में जुट गए। अधिकतर केंदों के आसपास रात गुजारने की व्यवस्था नहीं थे। ऐसे में अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ा।
—-
ऑटो-रिक्शा चालकों ने वसूला मनमाना किराया
परीक्षार्थियों से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने मनमाना किराया वसूल किया। दूसरी पाली की परीक्षा देने आए तमाम परीक्षार्थी चौराहों पर उतरे तो केंद्र तक जाने के लिए रिक्शे या ऑटो का सहारा लिया। थोड़ी सी दूरी का भी चालकों ने 100 से 200 रुपया तक वसूल कर दिया।







