डीसीएम चालक को तमंचा सटाकर बदमाशों ने लूटा गुटखा
रिपोर्ट: शब्बर अली
कानपुर से गुटखा लादकर बंगाल जा रहे डीसीएम चालक का तमंचे के जोर पर हाथ-पैर बांधकर बदमाशों ने 40 पेटी गुटखा लूट लिया। गुटखा दूसरे वाहन में लादकर बदमाश फरार हो गए। लूटे गए गुटखे की कीमत ढाई लाख के आसपास बताई जा रही है। चीख-पुकार सुन ग्रामीणों ने चालक का बंधन खोला और घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर निवासी मिथुन विश्वकर्मा पुत्र राजन विश्वकर्मा डीसीएम चालक है। शनिवार की रात वह कानपुर से गाड़ी में गुटखा लादकर बंगाल के लिए निकला था। जैसे ही डीसीएम कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर हाईवे के पास पेट्रोल पंप के करीब पहुंची कि अचानक टायर पंचर हो गया। चालक टायर बदल रहा था। तभी दो लोग आए और तमंचा सटा कर केबिन में ले गए ओर वहां सीट पर उसके हाथ-पैर बांध दिया। इसके बाद डीसीएम में लदा गुटखा दूसरे डीसीएम ट्रक में लादकर फरार हो गए। सुबह करीब छह बजे जब सड़क पर राहगीर आने-जाने लगे तो ट्रक के केबिन से चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने केबिन के अंदर बंधे ड्राइवर को खोला और डायल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस ने चालक से तहरीर लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नोट: समाचार और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
मो:7007720588






