जमीनी विवाद में तमंचे से हवाई फायर कर बदमाशों ने फैलाई दहशत
♠संदीपन घाट थाने के उजिहनी खालसा गांव में शनिवार शाम की घटना
रिपोर्ट: शब्बर अली
संदीपन घाट थाने के उजहिनी खालसा गांव में शनिवार शाम जमीनी विवाद को लेकर बाइक से आए बदमाशों ने युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। उसके बाद बदमाशों ने कई राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से मिली बदमाशों की बाइक को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
उजहिनी गांव की नुसरत ने बताया कि जमीन को लेकर गांव के एक व्यक्ति से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। शनिवार शाम उसका बेटा गुड्डू बाइक से चोकर लेने गांव के बाहर दूकान गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवक गुड्डू की पिटाई करने लगे। किसी तरह उनके चंगुल से छूट वह बाइक लेकर घर की तरफ भाग आया। दोनो युवक अपनी बाइक से पीछा कर उसके घर पहुंच तमंचे से फायर झोंक दिया। युवक ने किसी तरह घर में घुस कर अपनी जान बचाई। फायर की आवाज सुन लोगों को आता देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए बाइक छोड़ मौके से फरार हो गए। नुसरत की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी भुवनेश चौबे का कहना है फायर का आरोप झूठा है। दोनो पक्षो के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनो पक्षो में मारपीट हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी






