कूड़े की चिंगारी से इलेक्ट्रानिक शॉप में लगी आग
रिपोर्ट: शब्बर अली
तहसील चायल के तिल्हापुर मोड़ तिराहे पर गुरुवार दोपहर कूड़े की चिंगारी से इलेक्ट्रानिक शॉप में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने रौद्र रुप धारण कर लिया। आग की लपटों और धुंआ के गुबारों को देख मालिक चीखते चिल्लाते दुकान से बाहर की तरफ भागा। मौके पर जुटे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस के साथ-साथ अग्निशमन दल को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान का लाखों रुपया का सामान जलकर राख हो गया।
पिपरी थाने के महमूदपुर मनौरी बाजार निवासी अशोक कुमार केशरवानी पुत्र लल्लूराम केशरवानी ने तिल्हापुर मोड़ तिराहे पर इलेक्ट्रानिक शॉप खोल रखी है। गुरुवार दोपहर दुकान के पिछले हिस्से में किसी ने कूड़े में आग लगा दी। आग से निकली चिंगारी ने इलेक्ट्रानिक शॉप में पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने रौद्र रुप धारण कर लिया। आग की लपटों को देख मालिक चीखते चिल्लाते दुकान से बाहर की तरफ भागा। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ-साथ अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अशोक के अनुसार आग से उसका लगभग तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की सूचना राजस्व विभाग का दे दी है।






