अंतर्राष्ट्रीय गैंग के सदस्य को पंजाब पुलिस ने दबोचा
रिपोर्ट: शब्बर अली
पंजाब के होशियारपुर में पांच करोड़ की रंगदारी के लिए कारोबारी के प्रतिष्ठान में ताबड़तोड़ गोली चलाने वाले को पुलिस ने धर दबोचा है। एसओजी के साथ पंजाब पुलिस ने आरोपी को करारी के बैशकांटी गांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले कौशल चौधरी गिरोह का सदस्य है। इसके खिलाफ पंजाब, असम, पश्चिमबंगाल, दिल्ली व महाराष्ट्र में केस दर्ज हैं।
पंजाब के होशियारपुर जिले के महिलपुर में फरवरी माह में एक बड़े कारोबारी के प्रतिष्ठान में गोलीबारी हुई थी। इसके बाद कारोबारी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। यह कौशल चौधरी गिरोह की ओर से मांगी गई थी। महिलपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। इस प्रकरण में पंजाब की जांच टीम को सरायअकिल के पूरेघासी (बेनीराम कटरा) निवासी घनश्याम विश्वकर्मा पुत्र संतोष कुमार विश्वकर्मा की तलाश थी। दो दिन पहले पंजाब पुलिस जिले में आई। एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मिली और पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह को पंजाब पुलिस के साथ कार्रवाई में लगाया। पुलिस ने आरोपी के गांव की छानबीन की तो पता चला कि वह इन दिनों अपने नाना के यहां करारी के बैशकांटी गांव में रह रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शातिर अपराधी नकली नोट की तस्करी के अलावा सुपारी लेकर हत्या कराना, लूट व फिरौती वसूलने का काम करता था। पश्चिम बंगाल में तीन करोड़ की नकली नोट की तस्करी के केस में वह वांक्षित है। इसके अलावा असम, दिल्ली, मुंबई में भी उसके खिलाफ एफआईआर है। एसओजी प्रभारी ने बताया कि कौशल चौधरी गिरोह अंतर्राष्ट्रीय स्तर का गैंग है। घनश्याम साधारण अपराधी नहीं है, उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है, जिससे कई प्रदेशों की पुलिस परेशान रही। आरोपी को लेकर पुलिस पंजाब के लिए रवाना हो गई है।






