चोरों ने सेंध कर नकदी समेत लाखों का जेवरात उड़ाया 
रिपोर्ट:शब्बर अली
चरवा थाने के तुरंती का पुरवा मजरा शेखपुर – रसूलपुर गांव में किसान के घर की पिछले हिस्से की दीवार में सेंध कर चोरों ने नकदी समेत लाखों रुपए के जेवरात पार कर दिया। किसान ने अपने बेटे की शादी के लिए जेवरात और नकदी रखा था। भुक्तभोगी ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है।
शेखपुर रसूलपुर गांव निवासी फूलचंद्र पुत्र बुधई लाल किसानी करता है। उसने बताया कि 20 अप्रैल को बेटे शिवपाल का तिलक समारोह कार्यक्रम होना है। उसकी तैयारी में परिजन जुटे हुए हैं। शनिवार रात वह परिजनों के साथ मकान के बाहर सो रहा था। इसी दौरान रात को चोरों ने उसके घर के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध कर कमरे में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से को उठाकर घर से दूर एक अमरूद की बाग में ले जाकर ताला तोड़ दिया। चोरों ने बक्से में रखा डेढ़ लाख रुपया नकद समेत सोने का झुमका, लाकेट, मंगल सूत्र चांदी की पायल, जंजीर आदि लगभग तीन लाख रुपए का जेवरात उठा ले गए। सुबह कटी सेंध और बिखरा सामान देख कर किसान के होश उड़ गए। भुक्तभोगी ने थाने जाकर घटना की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।






