फतेहपुर
बांदा-टांडा हाईवे पर निर्माणाधीन मकान में करीब 25 साल की महिला की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मकान के सेफ्टी टैंक में शव फेंककर कातिल भाग निकले। हत्या से पहले महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फील्ड यूनिट समेत कई टीम जांच में जुटी रहीं। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की शिनाख्त मौसेरे भाई सुशील कुमार ने सोनी देवी पत्नी छोटू निवासी बीबीपुर थाना राधानगर के रूप में की है।
राधानगर मोहल्ला निवासी राकेश गुप्ता का ललौली थाना क्षेत्र के बांदा टांडा हाईवे पर निर्माणाधीन मकान बस्तापुर अबुमोहम्मदपुर गांव में बना है। करीब मकान में छह माह से काम बंद चल रहा है। भूतल और पहली मंजिल पर हाल का निर्माण है। मकान के आगे दो सेफ्टी टैंक बने हैं। गांव के बच्चे मौके पर खेलने पहुंचे। बच्चों ने एक सेफ्टी टैंक में शव देखकर गांव में खबर दी। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ललौली थाना प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय, एसओजी, सर्विलांस और फील्ड यूनिट टीम जांच को पहुंची। फील्ड यूनिट की जांच के बाद टैंक से महिला के नग्न शव को बाहर निकाला गया। ईंट से चेहरा कूंचकर हत्या करना प्रतीत हुआ। हाल से दो खून की सनी ईंट मिली। हाथ भी टूटे दिखे। एक पॉलीथीन में छह समोसा, एक समोसे का आधा टुकड़ा, महरून साड़ी, उखड़े बाल और टैंक के बाहर टूटी चूड़ियां भी मिली। भूतल में एक कंबल बिछा था। मृतका के दाहिने हाथ व गले में काली रंग की ताबीज, दोनों पैर में तोड़िया, पैरों की उंगलियों में एक-एक बिछिया, आसमानी छीटदार ब्लाउज पहने थी। सिर के बाल टैंक के बाहर मिले। हत्या से पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की आशंका जताई जा रही है। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि महिला की हत्या की गई है। शव की पहचान सोनी देवी पत्नी छोटू निवासी बीबीपुर राधानगर के रूप में की गई है। महिला का मायका गाजीपुर थाना क्षेत्र के सोनवरसा है। जिसकी शादी 2023 में हुई थी। महिला की हत्या से पर्दा उठाने का प्रयास किया जा रहा है। इस हत्याकांड में जो भी संलिप्त है शीघ्र गिरफ्तारी करके जेल भेजा जाएगा।






